पटना: बिहार में सोमवार शाम मौसम के करवट लेने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के 15 जिलों के कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 घंटे के दौरान मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
इन जिलों में प्रभावित हो सकते हैं इलाके
मौसम विभाग के अलर्ट में अरवल, औरंगाबाद, बेगूसराय, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली शामिल हैं।
अरवल के करपी और कलेर, जहानाबाद के मखदुमपुर व हुलासगंज तथा नवादा के नवादा, वारिसलीगंज, मेसकौर और हिसुआ इलाके में मौसम खराब होने की आशंका जताई गई है। नालंदा, गया और पटना के भी कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात हो सकता है।
इसके अलावा पूर्वी चंपारण के मेहसी, बेगूसराय के बखरी, शिवहर के तरियानी चौक और सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर सहित कई क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव की संभावना है।
तेज हवा और बिजली गिरने का भी खतरा
पूर्वानुमान के मुताबिक बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। तेज हवाओं के कारण खुले स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है। जरूरत न होने पर बारिश और वज्रपात के समय बाहर निकलने से बचना बेहतर होगा।
किसानों के लिए भी सावधानी जरूरी है। खेतों में काम कर रहे लोगों को मौसम खराब होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है। खासकर बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचना चाहिए।
