Saturday, April 18, 2026

बिहार में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी बढ़ गई है और तापमान में और वृद्धि की संभावना है।

Share

बिहार में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी बढ़ गई है, और तापमान में और वृद्धि की संभावना है। हालांकि, 10 मार्च को बिहार के पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज अब तेजी से बदल रहा है। मार्च शुरू होते ही गर्मी ने लोगों को सताना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का तापमान अभी और बढ़ेगा। दिन और रात की हल्की सिहरन भी धीरे-धीरे अब कम हो रही है। कई जगहों पर दोपहर में तेज हवाएं चल रही हैं।

पटना मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

ऐसे में जहां एक ओर गर्मी बढ़ने का संकेत है। वहीं, दूसरी ओर कुछ जगहों पर बादल और बूंदाबांदी से बिहार को लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

इन पांच जिलों में हो सकती है बारिश

आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 6 दिनों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इसके बाद यानी 10 मार्च को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले के एक या दो स्थानों पर वर्षा होने का पूर्वानुमान है।

हालांकि, इस दौरान हवा की गति भी तेज रहेगी। बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलने की संभावना है। गरज चमक के साथ व्रजपात होने की भी संभावना है। इसीलिए इन 5 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

कैसा रहेगा तापमान

पटना का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं गया जी का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम तापमान 18.1 रहा।

Read more

Local News