समस्तीपुर में उस वक्त हंगामा मच गया जब एक ASI पर युवक को पीटने का आरोप लगा. ग्रामीणों ने फेंकने का भी आरोप लगाया.
समस्तीपुर : बिहार में पुलिस पर गंभीर आरोप लगा है. समस्तीपुर जिले में एएसआई पर एक युवक को हॉस्टल की तीसरी मंजिल से फेंका लगा है. मामला दलसिंहसराय थानाक्षेत्र के रामपुर जलालपुर का है. घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. अब पुलिस आरोपी एएसआई पर कार्रवाई की बात कह रही है.
ASI ने युवक को फेंका : दरअसल, दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुर जलालपुर स्थित पीटीसी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के छात्रावास की तीसरी मंजिल से एक युवक को नीचे फेंकने का गंभीर आरोप ASI पर लगा है. जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर आये बिहार पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर का वार्ड संख्या 21 निवासी मनीष कुमार से सोमवार शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई.
पिस्टल से वार कर दांत तोड़ा ! : ग्रामीणों का आरोप है कि, पहले ASI ने चौक पर मनीष की पिटाई की और फिर जबरन कॉलेज परिसर के छात्रावास में ले गया. छात्रावास के कमरे में मनीष को लाठी और पिस्टल के बट से पीटा गया. इसी बीच उसने पिस्टल से वार कर मनीष का दांत तोड़ दिया और बाद में उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया. जिससे मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया.
एक्शन में आए DSP : घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण कॉलेज गेट पर पंहुचकर हंगामा करने लगे. घटना की सूचना के बाद डीएसपी विवेक कुमार शर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले को शांत कराया गया और घायल मनीष को अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय में भर्ती कराया गया. जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
”पूरी स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. अगर पुलिस कर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उनपर कार्रवाई की जायेगी.”– विवेक कुमार शर्मा, डीएसपी
लोगों ने जमकर किया हंगामा : दरअसल, घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने कॉलेज कैम्पस में तोड़फोड़ भी की. वैसे आरोपी एएसआई को लेकर अभी पुलिस जांच में जुटी है. सूत्रों के अनुसार कॉलेज परिसर व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है.


