बिहार पुलिस में अनुकंपा नियुक्ति अब ऑनलाइन होगी। गृह विभाग ने प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए एक पोर्टल लॉन्च किया है। मृत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को अब इसी पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसमें मोबाइल नंबर और ईमेल से पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। यह नई व्यवस्था मामलों का समय पर निपटान सुनिश्चित करेगी।
पटना। बिहार पुलिस में अनुकंपा नियुक्ति की व्यवस्था अब ऑनलाइन कर दी गई है। गृह विभाग ने अनुकंपा आधारित नियुक्ति को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए अनुकंपा पोर्टल को लॉन्च कर दिया है। अब मृत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को पोर्टल पर ही आवेदन करना होगा। इसके साथ ही आवेदन की निगरानी की सुविधा पोर्टल पर रहेगी।
जानकारी के अनुसार, आवेदक को पहले मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी के साथ पोर्टल पर निबंधन कराना होगा। इसके बाद दस्तावेजों को अपलोड करने की सुविधा दी जाएगी। आवेदक को मूल मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ ही मूल आवासीय, आय, जाति व शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपलोड करने होंगे।
पोर्टल पर पारिवारिक सूची, अनियोजन प्रमाण पत्र, अनापत्ति प्रमाण पत्र, स्व घोषणा प्रमाण पत्र एवं आचरण प्रमाण पत्र भी पीडीएफ में अपलोड किए जाएंगे। पोर्टल तय समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन संभव होगा।


