रांची: बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद झारखंड भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें बधाई दी है. दोनों नेताओं ने नीतीश कुमार को एक परिपक्व और अनुभवी राजनीतिज्ञ बताते हुए उनके फैसले की सराहना की.
ईश्वर ने नीतीश कुमार की इच्छा पूरी की: आदित्य साहू
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि नीतीश कुमार एक मंझे हुए राजनीतिज्ञ हैं. उनकी लंबे समय से इच्छा थी कि वे विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा के बाद राज्यसभा के सदस्य भी बनें. ईश्वर ने उनकी यह इच्छा पूरी कर दी है.
साहू ने आगे कहा कि नीतीश कुमार पढ़े-लिखे और स्वतंत्र निर्णय लेने वाले व्यक्ति हैं. वे किसी के दबाव या कहने पर कोई फैसला नहीं करते. विपक्ष का काम हर बात का विरोध करना है, लेकिन नीतीश कुमार ने अपनी राजनीतिक यात्रा में झारखंड के कई नेताओं से पहले ही अपनी मजबूत हैसियत स्थापित कर ली थी. उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव के बयानों पर टिप्पणी करते हुए कहा, “तेजस्वी यादव को अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए. उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने पार्टी को जहां छोड़ा था, तेजस्वी ने उसे कहां पहुंचाया है यह उन्हें सोचना चाहिए.”
साहू ने जोर देकर कहा कि बिहार में जदयू और भाजपा का गठबंधन सत्ता सुख के लिए नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा के लिए है. यह सेवा आगे भी जारी रहेगी.
राजनीति में बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया: बाबूलाल मरांडी
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने नीतीश कुमार को मैच्योर्ड (परिपक्व) राजनीतिज्ञ करार देते हुए कहा कि उन्होंने युवा पीढ़ी के हित को देखते हुए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नीतीश कुमार ने नई पीढ़ी के लिए जगह खाली करके एक मिसाल कायम की है. विपक्षी नेता तो कुछ न कुछ बोलेंगे ही, लेकिन नीतीश कुमार ने बेहतरीन फैसला किया है और वे बधाई के पात्र हैं.
नीतीश कुमार ने 5 मार्च को पटना में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे. यह कदम बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत दे रहा है, जहां उनके बाद नए मुख्यमंत्री की चर्चाएं तेज हो गई हैं.


