बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नई सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनेगी और उन्हीं की मर्जी से नया मुख्यमंत्री बनेगा।
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने गुरुवार को पटना में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए पर्चा भरा।
अब नीतीश कुमार तो राज्यसभा जाएंगे, लेकिन बिहार में चर्चा नए सीएम को लेकर हो रही है। सूत्र बता रहे हैं कि नया सीएम बीजेपी से होगा, लेकिन कौन होगा अभी फाइनल नहीं है।
नए सीएम को लेकर छिड़ी चर्चा के बीच सांसद गिरिराज सिंह ने बड़ा बयान दे दिया है। बीजेपी के सीनियर लीडर गिरिराज सिंह ने साफ कह दिया है कि नई सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नया सीएम नीतीश कुमार की मर्जी से ही बनेगा।
गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि 3 साल पहले भी नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की पेशकश की थी, लेकिन बात नहीं बनी। वहीं, अब वो राज्यसभा जा रहे हैं और ये पूरी तरह से उनका अपना निर्णय है।
अब सीएम की रेस में कौन आगे?
बता दें कि मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे ऊपर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम है। वह तारापुर सीट से बीजेपी के विधायक हैं। मार्च 2023 में भाजपा ने उन्हें संजय जायसवाल की जगह बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी ने उन्हें विशेष रूप से कोइरी/कुशवाहा समाज के बीच अपनी पैठ मजबूत करने और ओबीसी आधार को विस्तार देने के लिए चुना था
सीएम की रेस में दूसरा नाम नित्यानंद राय का है। साल 2000 से लेकर सांसद चुने जाने तक वे लगातार हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में चुने जाते रहे। उन्होंने बिहार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है, जहां उन्होंने पार्टी के आधार को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
रेस में तीसरा नाम है दिलीप जायवाल का। जायसवास 22 से अधिक वर्षों तोक बिहार भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष भी रहे। इसके साथ ही वह राज्य की नितीश कुमार सरकार में मंत्री पद भी आसीन रह चुके हैं।
नीतीश कुमार ने बताया- क्यों जा रहे राज्यसभा?
नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा- संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।
मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।


