बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अगले वर्ष से अपनी सेवाएं शुरू करेगा। इससे बिहार के पूर्वी हिस्से में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ेगी और छात्रों, व्यापारियों व पर्यटन को लाभ मिलेगा। उन्होंने अगले पांच वर्षों में बिहार में ही रोजगार सृजित करने का लक्ष्य बताया।
दरभंगा : अगले वर्ष से दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अपनी सेवाएं शुरू करेगा, जिससे बिहार के पूर्वी हिस्से में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और छात्रों, व्यापारियों व पर्यटन उद्योग के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी।
बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि अगले एक वर्ष में दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन जाएगा। अगले पांच साल में ऐसा बिहार बनाना है कि यहां से बाहर मजदूरी करने जाने वाले एक-एक व्यक्ति को यहीं नौकरी मिलेगी।
अशोक पेपर मिल में 280 एकड़ जमीन है। कुछ मामला न्यायालय में है। एपीएम की सारी जमीन को लेकर उस पर उद्योग लगाने का काम होगा। प्रगति यात्रा के दौरान बिहार की समृद्धि की गाथा लिखी गई है। मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा आपके जीवन में समृद्धि आएगी।
वे बुधवार को डा. नागेंद्र झा स्टेडियम में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि दरभंगा में चारों ओर विकास का काम चल रहा है। एम्स निर्माणाधीन है। मेट्रो का डीपीआर बन रहा है।
2007-08 में नेपाल के पानी से आठ जिले में बाढ़ की स्थिति हो गई थी। लेकिन अब उसका समुचित प्रबंधन हो गया है। सितंबर 2025 में जब नेपाल से साढ़े छह लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया तो मात्र 156 गांव प्रभावित हुए। बिहार की धरती पर मां सीता का भव्य मंदिर बन रहा है।
समृद्धि यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री विकास कार्यों की समीक्षा भी कर रहे हैं। जब पहली बार मंत्री बना था तो दरभंगा आने में सात घंटे लगे थे। अब दो से ढाई घंटे में दरभंगा पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब पहली बार सत्ता में आए तो पांच से सात घंटे बिजली रहती थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांव-गांव बिजली पहुंचाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने घर-घर बिजली पहुंचा दिया। 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने का काम किया। सबको बिजली बिल आता है, उसमें 125 यूनिट माफ होता है।
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मिथिलाचंल की हृदयस्थली में मुख्यमंत्री आप लोगों के प्रति आभार प्रकट करने आए हैं। न्याय और विकास शिखर पर पहुंचता है तो समृद्धि आती है।
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि पटना की बराबरी में दरभंगा में काम हो रहा है। इसके लिए हम मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हैं। एम्स, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आदि का निर्माण तेजी से हो रहा है।
मंत्री सहनी एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं अन्य 20 किलो मखाना से निर्मित माला पहनाकर स्वागत किया। मौके पर मंच पर पूर्व मंत्री जीवेश कुमार, हरि सहनी, विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, डा. मुरारी मोहन झा, डा.रामचंद्र प्रसाद, सुजीत कुमार, ईश्वर मंडल, अतिरेक कुमार, पूर्व विधान पार्षद डा. दिलीप कुमार चौधरी, केदारनाथ भंडारी, लक्ष्मी पासवान आदि मौजूद थे।


