पटना। बिहटा से अनुग्रह नारायण रोड होते हुए औरंगाबाद तक नई रेल लाइन बिछाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
पहले चरण में अनुग्रह नारायण रोड से औरंगाबाद तक करीब 13 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है, जबकि दूसरे चरण में बिहटा से अनुग्रह नारायण रोड तक लाइन बिछाई जाएगी।
शुरुआती चरण में सिंगल लाइन का निर्माण प्रस्तावित है। पूरी परियोजना की लंबाई करीब 117 किलोमीटर होगी, जिस पर लगभग 3606.42 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
जून तक सरकार को सौंपा जाएगा अधिग्रहण का प्रस्ताव
इसके लिए करीब 500 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत रेलवे द्वारा राज्य सरकार को नजरी नक्शा, मापी रिपोर्ट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।
फिलहाल परियोजना का सर्वे कार्य जारी है। रेलवे इस बात पर भी मंथन कर रहा है कि स्टेशन, यार्ड और अन्य संरचनाएं कहां विकसित की जाएंगी।
योजना है कि मई तक सर्वे का काम पूरा कर जून में जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया जाए। इस रेल लाइन के बन जाने से औरंगाबाद से पटना के बीच आवागमन काफी सुगम हो जाएगा।
13 स्टेशनों का कराया जाएगा निर्माण
यात्रा का समय घटकर करीब डेढ़ से दो घंटे रह जाने की संभावना है, जिससे लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अनुग्रह नारायण रोड से बिहटा के बीच 13 नए स्टेशनों का निर्माण प्रस्तावित है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इस परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और जल्द ही राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।


