Monday, April 6, 2026

बाबूलाल मरांडी ने धनबाद में कोयला चोरी को लेकर राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला….

Share

रांची: धनबाद में चल रही कोयले की लूट पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है. बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने अवैध कोल व्यापार में मुख्यमंत्री आवास की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं.

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले कोयला चोरी का कमीशन पुलिस प्रशासन तक पहुंचता था लेकिन अब हालत में बदलाव हुआ है. अब पुलिस प्रशासन और कोल माफिया के साथ साझेदारी में काम करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद में तैनात शीर्ष पुलिस अधिकारी कोयला के कारोबार में लिप्त हैं और सीधे-सीधे इस धंधे को संचालित कर रहे हैं.

बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाते हुए बताया कि धनबाद में निरसा, बाघमारा, झरिया में अवैध कोल व्यापार के क्षेत्र हैं, जिसमें 20-25 थाना, ओपी पड़ते हैं. इस क्षेत्र में 30-40 साइट से अवैध कोयला निकाला जाता है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चर्चा है कि साइट हासिल करने के लिए हाउस की परमिशन आवश्यक है. हाउस से फोन आने पर ही एसएसपी साइट का अप्रूवल देते हैं फिर एडवांस के तौर पर एक करोड़ रूपये लिए जाते हैं

पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इन क्षेत्रों से प्रतिदिन 150-200 ट्रक कोयला निकाला जाता है. नेता प्रतिपक्ष ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि इस अवैध कारोबार में हाउस, महाराजा की भूमिका में होता है जबकि एसएसपी प्रधान सेनापति और डीसी महामंत्री की भूमिका निभाते हैं. इसके लिए दोनों प्रॉफिट के हिस्सेदार होते हैं. इस धंधे में थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर, डीएसपी, एसडीओ ग्रामीण एसपी, खनन अधिकारी, अंचलाधिकारी का हिस्सा भी निर्धारित है.

बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह पूर्व में मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी रहे हैं और वे एसएसपी का दाहिना और इंस्पेक्टर अजीत सिंह बायां हाथ हैं, जो मिलकर मालदार थानों की बोली लगाते हैं. एसएसपी की मदद के लिए जमशेदपुर से रितेश, विकास सहित अन्य को भी बुलाया गया है. प्रमुख कोल साइट्स में भौंदा- अरविंद, कारण, कुंजामा आकाश, मनीष आर्य, पंचेत अंजनी, निरसा संजय सिंह, गोपाली और बाघमारा पांडेय जी जबकि बरौना, तेतुलमारी, जमुनिया राम कनाली इन तीन साइट्स को बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह खुद चलवाते हैं.

मुख्यमंत्री से जांच कराने की अपील की

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप जारी रखते हुए कहा कि इसके अलावा जीना गोंडा, बरारी, अलगडीहा गणेश यादव का बेटा बीटू काम देखता है और सुदामडीह शेखर सिन्हा, गुलाम केशर आदि देखते हैं. बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन आरोपों से सहमत नहीं हैं तो इसकी उच्चस्तरीय जांच कराएं ताकि दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो सके.

Table of contents [hide]

Read more

Local News