Monday, March 16, 2026

बाजार फिसला, सेंसेक्स 269 अंक टूटा, निफ्टी 98 अंक गिरकर बंद

Share

मुंबई: केंद्रीय बजट 2026 से पहले निवेशकों की सतर्कता और मुनाफावसूली के चलते शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई. मेटल और आईटी सेक्टर में कमजोरी के कारण प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 269 अंक या 0.36 प्रतिशत गिरकर 82,269 पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 98 अंक या 0.39 प्रतिशत टूटकर 25,320 पर आ गया.

मिडकैप-स्मॉलकैप में मिला-जुला रुख
जहां प्रमुख सूचकांकों में गिरावट रही, वहीं व्यापक बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में मामूली 0.17 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि एनएसई स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ.

मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव
सेक्टोरल मोर्चे पर बाजार में मिश्रित रुख रहा. मेटल शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली और निफ्टी मेटल इंडेक्स 5.34 प्रतिशत टूट गया. आईटी सेक्टर भी दबाव में रहा और निफ्टी आईटी 1.02 प्रतिशत गिरा. विश्लेषकों के मुताबिक, वैश्विक आर्थिक सुस्ती की आशंका और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के कारण आईटी शेयरों पर दबाव बना.

मीडिया और एफएमसीजी में मजबूती
कमजोरी के बीच कुछ सेक्टरों में खरीदारी भी दिखी. निफ्टी मीडिया 2.07 प्रतिशत चढ़ा, जबकि कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 1.09 प्रतिशत और एफएमसीजी 1.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए.

बैंक निफ्टी का तकनीकी संकेत सकारात्मक
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार बैंक निफ्टी अपने गिरते ट्रेंडलाइन जोन से ऊपर निकल चुका है और 20-दिवसीय व 50-दिवसीय मूविंग एवरेज के ऊपर बना हुआ है. इससे कीमतों की संरचना में सुधार के संकेत मिलते हैं. तकनीकी तौर पर इसमें 59,000 का सपोर्ट और 60,400 के आसपास रेजिस्टेंस माना जा रहा है.

रुपया मजबूत, कच्चे तेल से राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के चलते रुपया अपने निचले स्तर से उबरते हुए 15 पैसे मजबूत होकर 91.92 प्रति डॉलर पर कारोबार करता दिखा.

बजट और वैश्विक घटनाक्रम पर नजर
भू-राजनीतिक तनाव, टैरिफ दबाव और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच निवेशकों की नजर अब 1 फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट पर टिकी है. इसके अलावा अमेरिकी फेड के नए चेयरमैन की नियुक्ति भी बाजार के लिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि सख्त मौद्रिक नीति उभरते बाजारों पर दबाव डाल सकती है.

बजट के दिन भी खुले रहेंगे बाजार
हालांकि 1 फरवरी रविवार है, लेकिन बजट के कारण शेयर बाजार खुले रहेंगे. चूंकि यह सेटलमेंट हॉलिडे होगा, इसलिए 30 जनवरी को खरीदे गए शेयर 1 फरवरी को नहीं बेचे जा सकेंगे. इसी तरह बजट के दिन खरीदे गए शेयर अगले कारोबारी दिन नहीं बेचे जा सकेंगे.

Read more

Local News