Sunday, March 22, 2026

बहरोड़ में मंथन इंटर-स्टेट व्हीलचेयर रग्बी कप 2026 का समापन, राजस्थान ने खिताब जीता, दिव्यांग खिलाड़ियों की अदम्य भावना ने सबको प्रेरित किया.

Share

जिले के बहरोड़ स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में रविवार, 22 मार्च को मंथन इंटर-स्टेट व्हीलचेयर रग्बी कप 2026 का भव्य समापन हुआ. यह आयोजन राजस्थान में दिव्यांग सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुआ, क्योंकि राज्य में पहली बार इस स्तर की इंटर-स्टेट व्हीलचेयर रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ.

मंथन फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड की दिव्यांग टीमों ने भाग लिया. पूरे आयोजन के दौरान मैदान में खेल प्रेमियों, युवाओं, स्थानीय निवासियों और गणमान्य व्यक्तियों की भारी भीड़ उमड़ी रही. दर्शकों ने खिलाड़ियों का जोर-शोर से उत्साहवर्धन किया, जिससे माहौल उत्साह, जोश और प्रेरणा से भरपूर रहा.

फाइनल मुकाबला राजस्थान और मध्य प्रदेश की टीमों के बीच बेहद रोमांचक रहा. दोनों टीमों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी और शानदार प्रदर्शन किया. राजस्थान टीम ने बेहतरीन टीमवर्क, तेज रणनीति और दमदार खेल के दम पर मैच जीतकर खिताब अपने नाम किया. मध्य प्रदेश की टीम उपविजेता बनी, जबकि उत्तराखंड की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया.

विजेता राजस्थान टीम को ट्रॉफी और गोल्ड मेडल प्रदान किए गए. उपविजेता मध्य प्रदेश और तृतीय उत्तराखंड टीमों को भी सिल्वर, ब्रॉन्ज मेडल तथा सम्मान पत्र दिए गए. खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी और गर्व की मुस्कान साफ झलक रही थी. यह प्रतियोगिता मात्र एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि दिव्यांग व्यक्तियों की प्रतिभा, साहस, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का जीवंत उत्सव बन गई.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रिकेट एडहॉक कमेटी के सदस्य मोहित यादव ने विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं. उनका जज्बा और संघर्ष समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है. ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और दिव्यांगों को मुख्यधारा में आगे बढ़ने का मजबूत मंच प्रदान करते हैं.

मंथन फाउंडेशन की सचिव डॉ. सविता गोस्वामी ने बताया कि राजस्थान के इतिहास में बहरोड़ में यह पहला व्हीलचेयर रग्बी कप था. तीन राज्यों के खिलाड़ियों के सहयोग से आयोजन सफल रहा. उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की तथा भविष्य में ऐसे कार्यक्रम अन्य स्थानों पर भी आयोजित करने की योजना जताई.

Read more

Local News