टीम इंडिया ने रविवार 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया. इस ऐतिहासिक जीत का खिलाड़ियों समेत देश भर में शानदार जश्न भी मनाया गया. इसके बाद खिलाड़ी अहमदाबाद से अपने अपने होमटाउन के लिए रवाना हो गए. जहां पर उनका शानदार स्वागत किया गया.
शिवम दुबे ट्रेन से लौटे घर
इस बीच टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर शिवम दुबे ने खुलासा किया है कि फ्लाइट्स का टिकट न मिलने की वजह से उन्होंने अहमदाबाद से मुंबई ट्रेन से सफर किया. उन्होंने इस के पीछे की दूसरी वजह ये भी बताई कि वो जल्द से जल्द घर पहुंचना चाहते थे ताकि अपने चार साल के बेटे अयान और दो साल की बेटी महविश से मिल सकें.
शिवम दुबे ने ट्रेन का सफर कैसे पूरा किया?
बाएं हाथ के बल्लेबाज शिवम दुबे ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया की रविवार देर रात फ्लाइट्स उपलब्ध न होने के कारण, मैं ने अपनी पत्नी अंजुम और एक दोस्त के साथ मुंबई के लिए सुबह की पहली ट्रेन पकड़ने का फैसला किया, ताकि जल्दी से अपने बच्चों के पास पहुंच सकें.
दूबे आगे बताया, ‘जब हमने ट्रेन का टिकट चेक किया तो 3rd AC के टिकट उपलब्ध थे, इसलिए हमने उन्हें बुक करने का फैसला किया. लेकिन मेरे परिवार और दोस्त सभी चिंतित थे कि कहीं स्टेशन पर या ट्रेन के अंदर कोई मुझे पहचान न ले?’ लेकिन दुबे ने खुद को ऐसे छिपा रखा था कि कोई उनको पहचान नहीं सका.
अहमदाबाद के स्टेशन से ट्रेन कैसे पकड़ी?
फैंस की नजरों से बचने और ट्रेन के सफर का आसान बनाने के लिए दुब और उनकी पत्नी ने योजना बनाकर अपना सफर शुरू किया. दुबे ने बताया, ‘मैंने एक कैप, एक मास्क और पूरी आस्तीन वाली टी-शर्ट पहनी थी. सुबह 5:10 बजे की ट्रेन थी,’ उस समय भी स्टेशन के आस-पास भारत की जर्सी पहने फैंस मौजूद थे, जिसकी वजह से दुबे ने स्टेशन पर रुकने से मना कर दिया और वो अपनी कार में ही रुके रहे. दुबे ने कहा, ‘तो मैंने अपनी पत्नी से कहा कि मैं ट्रेन के रवाना होने से पांच मिनट पहले कार से निकलकर दौड़ते हुए ट्रेन में चढ़ जाऊंगा.’
दुबे ने ट्रेन में खुद को कैसे छिपाया?
कोच के अंदर पहुंचने के बाद, शिवम दुबे सीधे ऊपर वाली बर्थ पर चले गए और सफर के ज्यादातर समय वहीं रहने की कोशिश की. उन्होंने कहा, ‘रात में, मैं बर्थ से नीचे उतरा, लेकिन वॉशरूम जाते और वापस आते समय किसी ने मुझे नहीं पहचाना.’
दुबे ने आगे कहा कि ट्रेन का सफर तो ठीक रहा, लेकिन मुंबई में मुझे दिन के उजाले में बोरीवली स्टेशन पर उतरने की चिंता सता रही थी. क्योंकि वहां मैं किसी की नजर से बच नहीं सकता था.’ जिसकी वजह से दुबे ने मुंबई पहुंचने से पहले ही पुलिस से संपर्क किया.
पुलिस हैरान रह गई
उन्होंने आगे कहा, ‘ जब मैं ने पुलिस को अपने आने के बारे में बताया तो उन्हें लगा कि मैं हवाई जहाज से आ रहा हूं, लेकिन जब मैंने उन्हें बताया कि मैं ट्रेन से सफर कर रहा हूं, तो वे हैरान रह गए. मुझे पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई, जिससे चीजें आसान हो गईं और मैं आसानी से स्टेशन से बाहर निकल पाया.’
शिवम दुबे का T20 वर्ल्ड कप 2026 में प्रदर्शन
टूर्नामेंट में शिवम दुबे ने 235 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 39 और स्ट्राइक रेट लगभग 169 रहा. इस दौरान उन्होंने 17 छक्के और 15 चौके भी जड़े. जिनमें से कई ऐसे अहम मौकों पर आए, जब भारत को तेजी से रनों की जरूरत थी.


