मेजबान अमेरिका का फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी है. शुक्रवार को ग्रुप D के अपने दूसरे ग्रुप मैच में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज (राउंड ऑफ 32) में अपनी जगह पक्की कर ली. इस जीत से अमेरिका को अपने शुरुआती दो मैचों से छह अंक मिले, जिससे ग्रुप का एक मैच बाकी रहते ही उनका ‘राउंड ऑफ 32’ के लिए क्वालिफिकेशन तय हो गया.
पैर के निचले हिस्से में चोट के कारण अमेरिका के कप्तान क्रिश्चियन पुलिसिक इस मैच में नहीं खेल रहे थे. इसके बावजूद अमेरिका ने मजबूत शुरुआत की और 11वें मिनट में बढ़त बना ली. उसके बाद मेजबान टीम ने हाफ टाइम से ठीक पहले एलेक्स फ्रीमैन के हेडर से अपनी बढ़त को दोगुनी कर दी. वहीं ऑस्ट्रेलिया ने कई काउंटर-अटैक के जरिए मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन अमेरिका के डिफेंस के सामने उन्हें साफ-सुथरे मौके बनाने में संघर्ष करना पड़ा.
दो गोल की बढ़त के साथ, अमेरिका ने दूसरे हाफ के ज्यादातर समय खेल पर नियंत्रण रखा और ऑस्ट्रेलिया को गोल करने का बहुत कम मौके दिया. ऑस्ट्रेलियाई टीम सॉकरूज ने गोल करने की कोशिश में आगे बढ़कर खेलने की कोशिश की, लेकिन अमेरिकी डिफेंस ने अनुशासन बनाए रखा और बिना गोल खाए मैच खत्म करना बरकरार रखा.
जिसके साथ अमेरिका के दो मैच में कुल 6 अंक हो गए जबकि ऑस्ट्रेलिया के तीन अंक ही रहे. अब अगले राउंड में क्वालीफाई करने की कोशिश में अपने आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना पैराग्वे से होगा. जबकि अमेरिका अपने ग्रुप D अभियान का समापन तुर्की के खिलाफ करेगा.

मैच हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया के कोच पोपोविच ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि यह उस खास मौके का असर था या नहीं, लेकिन हम सुस्त और भारी पैरों वाले लग रहे थे. मुझे लगता है कि खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में दिखाया कि वे कितने अच्छे हैं, लेकिन जाहिर है कि इस लेवल पर आप पहले हाफ में इतनी ढील नहीं दे सकते.’
बता दें कि आज के दिन खेले गए दूसरे मैच में मोरक्को ने स्कॉटलैंड पर 1-0 से शानदार जीत दर्ज की, वहीं ब्राजील ने हैती को 3-0 से करारी मात दी. जबकि पराग्वे ने तुर्की को 1-0 से मात दी.


