फिल्म मेकर राम गोपाल वर्मा सिर्फ फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी बेबाकता के लिए भी जाने जाते है, फिर चाहे वह इंडस्ट्री का ही मुद्दा क्यों न हो. हाल ही में उन्होंने धुंरधर के डायरेक्टर आदित्य धर और उनकी स्टार वाइफ यामी गौतम को लेकर एक बड़ा दावा किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है.
जब से धुरंधर रिलीज हुई तब से राम गोपाल वर्मा फिल्म और आदित्य धर की तारीफ करने में पीछे नहीं हटते. उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में आदित्य की तारीफ की है. वर्मा ने कहा कि आदित्य की बढ़ती सफलता ने फिल्म इंडस्ट्री में कई लोगों के मन में ईर्ष्या भर दिया है. उनका दावा है कि लोग उनके और उनकी पत्नी-एक्ट्रेस यामी गौतम के असफल होने का इंतजार कर रहे हैं.
इंटरव्यू में राम गोपाल ने कहा, ‘आपको यह समझना होगा कि आदित्य धर ने फिल्म इंडस्ट्री के लिए क्या किया है. उन्होंने स्क्रीन पर कहानी कहने का पूरा तरीका ही बदल दिया है.’
फिल्मों पर चल रहे काम को लेकर वर्मा ने कहा, ‘हमारी फिल्में अब कभी वैसी नहीं रहेंगी. और ये सिर्फ मैं हिंदी के लिए नहीं बोल रहा हूं, मैं सभी भाषाओं की बात कर रहा हूं. तेलुगु में आने वाली कई बड़े बजट की एक्शन फिल्मों की बड़े पैमाने पर री-शूटिंग हो रही है. जिसका मतलब है बजट पर बहुत ज्यादा बोझ. इसलिए, जाहिर है, वे उनसे नफरत करते हैं. उन्होंने उन्हें अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया है. इसकी वजह से उन्हें अपने प्रोजेक्ट पर पर काफी पैसा खर्च करना पड़ता है.’
फिल्ममेकर ने सिर्फ आदित्य धर की तारीफ नहीं की, बल्कि उनकी पत्नी और एक्ट्रेस यामी गौतम के बारे में भी बात की. इस कपल को आगाह करते हुए राम गोपाल वर्मा ने कहा कि आदित्य धर और यामी गौतम को अब और भी ज्यादा सावधानी से आगे बढ़ना होगा. क्योंकि फिल्म इंडस्ट्री उनके लड़खड़ाने और गिरने का इंतजार कर रही है.
राम गोपाल ने कहा, ‘आदित्य धर और यामी गौतम को बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ना होगा. फिल्म इंडस्ट्री इस इंतजार में है कि वे कब कोई गलती करें और गिर पड़ें.’
यामी गौतम को कोर्टरूम ड्रामा ‘हक’ में अपनी भूमिका के लिए काफी तारीफ मिली थी. सुपर्ण वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी और शीबा चड्ढा भी मुख्य भूमिका में हैं. यह फिल्म मोहम्मद अहमद खान बनाम शाह बानो बेगम से प्रेरित है, जो मुस्लिम परिवारों के भीतर वैवाहिक अधिकारों से जुड़ा था.
राम गोपाल वर्मा ने 13 मार्च को ‘रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल’ के दौरान एक अपने अपकमिंग फिल्मों के बारे में खुलासा किया. उन्हों बताया कि वह सरकार 4 के साथ वापसी करने जा रहे हैं. ‘सरकार 4’ के अलावा उनके प्रोजेक्ट में एक थ्रिलर फिल्म ‘सिंडिकेट’ भी शामिल है.


