धनबाद में जिम्नास्टिक चैंपियनशिप 2026 का फाइनल मुकाबला हुआ. जिसमें प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया.
धनबाद: फर्स्ट झारखंड स्टेट एक्रोबैटिक एवं रिदमिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप 2026 का समापन फाइनल मुकाबलों के साथ रविवार को हो गया. इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पूरे झारखंड के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली जिम्नास्टों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.
15 जनवरी से शुरू हुई यह चैंपियनशिप चार दिनों तक चली. जिसमें अलग-अलग जिलों में प्रारंभिक और क्वालीफाइंग राउंड आयोजित किए गए. इन्हीं मुकाबलों में चयनित प्रतिभागियों के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जहां खिलाड़ियों ने एक्रोबैटिक और रिदमिक जिम्नास्टिक की तकनीकी दक्षता, संतुलन और सामंजस्य का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया.
गौरतलब है कि झारखंड में जिम्नास्टिक खेल निरंतर बेहतर हो रहा है. राज्य के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं. यह चैंपियनशिप राज्य में जिम्नास्टिक के बढ़ते स्तर और मजबूत खेल संरचना का प्रमाण बना.
सीनियर एक्रोबेटिक जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिता के परिणाम
महिला युगल वर्गः महिला युगल वर्ग में रांची की निधि और प्रिया ने पहला स्थान हासिल करते हुए गोल्ड मेडल जीता, जबकि रांची की नंदिनी और मोनिका दूसरे स्थान पर रहीं और सिल्वर मेडल अपने नाम किया और धनबाद की मुस्कान और वैष्णवी तीसरे स्थान रहीं, उन्हें ब्रॉन्ज मेडल दिया गया.
पुरुष युगल वर्ग: पुरुष युगल वर्ग में रांची के पार्थ और नंदकिशोर विजेता बने और गोल्ड मेडल अपने नाम किया. वहीं दूसरे स्थान पर रांची के पृथ्वी देव भट्टाचार्य और अनुराग कुमार रहे और सिल्वर मेडल अपने नाम किया. जबकि धनबाद के परमेश्वर और कमलनाथ ने तीसरा स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल जीता.
मिक्स्ड पेयरः वहीं मिक्स्ड पेयर में रांची के नयन और रिश्टि ने पहला स्थान हासिल करते हुए गोल्ड जीता, वहीं कोडरमा के शिवम और अनुसब्रीस दूसरे स्थान पर रहे और सिल्वर मेडल अपने नाम किया.

महिला समूह वर्गः महिला समूह वर्ग में रांची की चंदा, रिश्टि और दशमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड अपने नाम किया.
पुरुष समूह वर्गः पुरुष समूह वर्ग में रांची के पृथ्वी देव भट्टाचार्य, अनुराग कुमार, नयन और आयुष विजेता बने और गोल्ड अपने नाम किया, जबकि दूसरे स्थान पर धनबाद के परमेश्वर, आरव, अनुराग और कमलनाथ रहे, इन्हें सिल्वर मेडल दिया गया और तीसरे स्थान पर बोकारो के मानस, शुभम, भास्कर और सुबल रहे और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
ओवरऑल चैंपियनशिप रांची अव्वल
ओवरऑल चैंपियनशिप में रांची ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि धनबाद दूसरे और बोकारो तीसरे स्थान पर रहा. इस अवसर पर झारखंड जिम्नास्टिक एसोसिएशन की सचिव तूलिका श्रीवास्तव, टेक्निकल हेड विकास कुमार गोप, अमित गोप, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार, धनबाद जिला एसोसिएशन के शशिकांत पांडे तथा मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व चीफ रजिस्ट्रार जनरल बीएन पांडे उपस्थित रहे. अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जिम्नास्टिक को और मजबूती देने की बात कही.


