पूर्णिया के मीरगंज में मोहम्मद मोजीम की हत्या कर शव गड्ढे में छुपा दिया गया। परिजनों ने प्रेम-प्रसंग और पैसे के लेन-देन में हत्या का आरोप लगाया है। मोजीम को पैन कार्ड बनवाने के बहाने बुलाया गया था। पुलिस ने शव बरामद कर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
मीरगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मीरगंज वार्ड नंबर 14 इमली टोल निवासी मोहम्मद मोजीम (उम्र करीब 35 वर्ष), पिता स्व. मोहम्मद रज्जाक की हत्या कर शव को गड्ढे में छुपा देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
मृतक के भाई मोहम्मद आशिक ने आरोप लगाया है कि यह हत्या प्रेम-प्रसंग और पैसे के लेनदेन में साजिश का नतीजा है।
मृतक के भाई मोहम्मद आशिक ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब छह बजे उनका भाई मोहम्मद मोजीम अपने दोस्त मोहम्मद मदरुल की मोटरसाइकिल पर आधार कार्ड लेकर घर से निकला था।
पैन कार्ड बनवाने के बहाने बुलाया
मदरुल ने फोन कर उसे पैन कार्ड बनवाने के बहाने बुलाया था। लेकिन सुबह जब मोजीम घर नहीं लौटा, तो परिवार चिंतित हो गया। मोजीम के बेटे मोहम्मद सोनू ने बताया कि पापा रात से घर नहीं आए हैं। जब भाभी रवीना खातून से पूछा तो वह रोते हुए बोली की रात घर नहीं आए हैं और कुछ बताकर भी नहीं गए हैं।
खोजबीन के दौरान त्रिमुहानी लीवरी पुल के पास खेतों में खून के निशान मिलने पर खेत में पानी पटवन कर रहे स्थानीय मजदूरों ने सुबह करीब 7 बजे मीरगंज थाना को सूचना दी।
गड्ढे में मिला शव
पुलिस ने डाग स्क्वाड और एफएसएल टीम की मदद से जांच की और पास ही नदी किनारे गड्ढे से खोदकर मोहम्मद मोजीम का शव बरामद किया।
मोजीम की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। मृतक मोहम्मद मोजीम सिर्फ पर्व त्यौहार में घर आते थे। वह प्रदेश में मजदूरी कर उनके परिवार का भरण-पोषण चलता था।
उनके भाई ने बताया कि मुझे पूर्ण विश्वास है मो. मदरुल एवं मेरी भाभी रवीना खातून द्वारा साजिश कर मेरे भाई मो. मोजीम की हत्या की गई है।
मृतक के भाई ने बताया कि मोजीम ने कुछ दिन पहले जमीन खरीदने के लिए मदरुल को एक लाख रुपये दिए थे।उन्होंने आरोप लगाया कि मदरुल और रवीना खातून के बीच प्रेम संबंध भी थे, जिसे लेकर घर में पहले भी विवाद हुआ था।
पत्नी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गोल्डी और धमदाहा अंचल निरीक्षक कौशल कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मीरगंज पुलिस ने मृतक की पत्नी रवीना खातून को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है। वहीं, टेक्निकल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची हुई थी।
वहीं, मीरगंज थाना अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग एवं रुपये के लेनदेन का मामला प्रतीत होता है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, महिला को गिरफ्तार कर थाना लाया गया है पूछताछ की जा रही है।


