Monday, May 12, 2025

 पूरे झारखंड में लू का कहर, 72 घंटे का Yellow Alert; कब मिलेगी राहत?

Share

दुमका समेत पूरे झारखंड में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है जिसके चलते मौसम विभाग ने 72 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। लोगों को लू से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 13 मई से मौसम में बदलाव की संभावना है।

दुमका। दुमका समेत झारखंड में रविवार से 72 घंटे तक गर्मी, उमस और लू के कहर से आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित होगा। मौसम विभाग पूर्वानुमान के मुताबिक, लू के कहर से लोगों को बचने की जरूरत है। मौसम विभाग ने गर्मी व लू की स्थिति को देखते येलो अलर्ट जारी किया है।

हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि झारखंड में 13 मई से कहीं-कहीं मौसम कूल-कूल हो सकता है, जबकि दुमका में अगले पांच दिनों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस से पार होगा। बहरहाल झारखंड में 10 मई से गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। तीखी धूप की वजह से घरों से निकलना मुश्किल है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार और रविवार को राज्य के उत्तर पूर्वी भागों देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में गर्मी और उमस की स्थिति से परेशानी बढ़ेगी।

झारखंड कई जिलों में हीट वेव की चेतावनी

झारखंड में 10 से 12 मई तक हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। संताल परगना के दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले में हीट वेव चलने की संभावना है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि 13 मई को झारखंड के नौ जिले हीट वेव की जद में होगा।

बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिले में हीट वेव चलेगा, जबकि 13 मई से ही मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। झारखंड में मौसम का मिजाज 13 मई से बदलने की संभावना है। 15 मई तक बारिश से मौसम कूल-कूल हो सकता है। कहीं-कहीं पर गरज के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

हीट वेव से बचाव जरूरी नहीं तो हो सकता है जानलेवा

दुमका समेत पूरे झारखंड में अभी भीषण गर्मी पड़ रही है। दुमका का पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक को छू रहा है। अगले एक-दो दिनों में यह तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।

हीट वेव को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। लू के लहर से बचने के लिए इन बातों का खास तौर पर ध्यान रखने की सलाह चिकित्सकों ने दी है।

  • कड़ी धूप में खासकर दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। बच्चों को भी दिन में बाहर खेलने जाने से रोकें।
  • अगर निकलना अनिवार्य हो तो भरपेट भोजन करके व हल्के रंग के ढीले-ढाले और सूती कपड़े पहनकर निकलें।
  • धूप में बाहर निकलते समय सिर जरूर ढक कर रखें। इसके लिए कपड़े, टोपी या छाता का उपयोग करें।
  • पर्याप्त और नियमित अंतराल में पानी पीते रहें। रास्ते में अपने साथ पीने का पानी हमेशा रखें.
  • अधिक तापमान में ज्यादा शारीरिक श्रम करने से बचें।

हल्का भोजन करें और अधिक पानी की मात्रा वाले फल-सब्जी, तरबूज, खीरा, ककड़ी, खरबूजा, संतरा, लौकी, नेनुआ का सेवन करें। गरिष्ट भोजन, मांस, अंडा, सूखे मेवे व तला-भूना भोजन करने से बचें। खुद को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस घोल या नमक-चीनी पानी का घोल, नारियल का पानी, लस्सी, नींबू पानी, छाछ, आम का पन्ना, बेल का शरबत, सत्तू का शरबत, सौंफ का पानी का नियमित सेवन करें। – डॉ. अजय कुमार सिंह, सेवानिवृत्त चिकित्सक, फूलोझानो मेडिकल कालेज व अस्पताल, दुमका

Read more

Local News