डालटनगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में एक लाकर से लगभग 90 लाख रुपये मूल्य के गहने गायब हैं।इसने न केवल बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं बल्कि अन्य लाकर धारकों की भी चिंता बढ़ा दी है। मामले की शिकायत छतरपुर निवासी संजय कुमार सिंह ने की है।
(पलामू) । डालटनगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में एक लाकर से लगभग 90 लाख रुपये मूल्य के गहने गायब होने का मामला सामने आया है।
घटना सुनियोजित प्रतीत हो रही है। इसने न केवल बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि अन्य लाकर धारकों की भी चिंता बढ़ा दी है।
मामले की शिकायत छतरपुर निवासी संजय कुमार सिंह ने की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने बैंक के लाकर में करीब 90 लाख रुपये मूल्य के गहने सुरक्षित रखे थे।
जब हाल ही में उन्होंने लाकर खोला तो उसमें से सारे गहने गायब मिले। शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लाकर धारकों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बैंक प्रबंधन से लाकर संचालन से संबंधित सभी दस्तावेज भी मंगाए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लास्ट टाइम लाकर कब और किसने खोला था।
बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गहने गायब होने की संभावित अवधि में बैंक में कौन-कौन मौजूद था और किन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध रही हैं।
पुलिस लाकर से गहना गायब होने से जुड़ी घटना की गहराई से जांच कर रही है। सभी संभावित बिंदुओं को सूक्ष्मता से देखा जा रहा है। लाकर को खोलने के समय कौन-कौन लोग मौजूद थे, इसकी पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।
-— ज्योतिलाल रजवार, थाना प्रभारी, शहर थाना, मेदिनीनगर।


