पाकुड़ : जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के डोमनगढ़िया में शुक्रवार को पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मच गया. पुलिस की टीम ने इलाके को चारों ओर से घेरकर एक घर में छापेमारी की. इस दौरान घर से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया. एक साथ इतने सारे विस्फोटक देखकर पुलिस अधिकारियो के होश उड़ गए. पुलिस अधिकारियों ने विस्फोटकों को जब्त करने के लिए एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया. इसके बाद सावधानी पूर्वक वाहन में लाद कर विस्फोटकों को थाने लाया गया.
इसकी पुष्टि महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार ने की है. उन्होंने बताया कि एसपी के निर्देश पर टीम गठित की गई थी. टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने डोमनगढ़िया गांव में समसुल हसन नामक व्यक्ति के घर में छापेमारी कर अवैध रूप से स्टोर किए गए जिलेटिन और डेटोनेटर को जब्त किया है
2160 पीस डेटोनेटर और 9335 पीस जिलेटिन जब्त
एसडीपीओ ने बताया कि अवैध रूप से विस्फोटक का भंडारण करने वाले आरोपी समसुल हसन को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि छापेमारी के दौरान 2160 पीस डेटोनेटर और 9335 पीस जिलेटिन और एक मोबाइल जब्त किया गया है.
जांच में जुटी पुलिस
एसडीपीओ ने बताया कि विस्फोटक कहां से लाया गया था, किसे सप्लाई करने की योजना थी और इस अवैध कारोबार में और कौन- कौन लोग शामिल हैं इसकी गहनता से जांच की जा रही है. शुक्रवार को पुलिसिया कार्रवाई के बाद अवैध विस्फोटक कारोबारियों और अवैध खनन करने वाले माफियाओ में हड़कंप मच गया है.


