Saturday, February 28, 2026

पाकुड़ नगर परिषद को नया अध्यक्ष मिल गया, अध्यक्ष पद पर सबरी पाल ने जीत दर्ज की हैं.

Share

पाकुड़: कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में मतों की गिनती पूरी हो गई है. पहले चरण में 21 वार्डों के वार्ड पार्षदों की गिनती हुई. उसके बाद दूसरे चरण में शांतिपूर्ण तरीके से अध्यक्ष पद के डाले गए वोटों की गिनती हुई. मतगणना के उपरांत सबसे पहले 21 वार्ड के नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को प्रमाण पत्र प्रेक्षक की मौजूदगी में अधिकारियों ने सौंपा.

नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों के बीच प्रमाण पत्र वितरण के बाद अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने वाली सबरी पाल को प्रमाण पत्र दिया गया. पाकुड़ जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक सबरी पाल को 7816 मत मिले हैं, दूसरे स्थान पर झामुमो समर्थित प्रत्याशी शेख सेलिना सुलताना को 5463 वोट और तीसरे स्थान भाजपा समर्थित उम्मीदवार संपा साहा रहीं, संपा साहा को कुल 3730 मत मिले हैं. सबरी पाल ने झामुमो समर्थित शेख सेलिना सुलताना को 2353 मतों से पराजित किया. जबकि कांग्रेस समर्थित मोनिता कुमारी को 1034, वाम दल समर्थित प्रत्याशी मुकुल भट्टाचार्य को 491 वोट, रीता देवी को 1040 मत, सीमा सोनी भगत को 1138 वोट, मीता पांडेय को 589 वोट, पूनम देवी को 949 वोट और ज्योति दुबे को 584 मत प्राप्त हुआ है.

वार्ड चुनाव का परिणाम

वार्डविजेता/वोटरनरअप/वोट
वार्ड संख्या 1मिथुन मरांडी/353रतन सरदार/215
वार्ड संख्या 2उज्जवल हाड़ी/486अमित हाजरा/298
वार्ड संख्या 3किरण लाल कापड़ी/376शकील अंसारी/354
वार्ड संख्या 4रुपाली सरकार/694रूमकी मंडल/366
वार्ड संख्या 5राणा ओझा/398मनमोहन भगत/109
वार्ड संख्या 6राखी सरदारीन/365सुमित्रा सरदारीन/361
वार्ड संख्या 7पूनम देवी/629इति दुबे/236
वार्ड संख्या 8अनिकेत गोश्वामी/629अजहर आलम/263
वार्ड संख्या 9विमल चंद्र राउत/557चंदना घोष/288
वार्ड संख्या 10गुड्डू भगत/468साधन रजक/242
वार्ड संख्या 11निभा देवी/497चैताली सिंह/231
वार्ड संख्या 12भीम सिंह/455टोनी मंडल/242
वार्ड संख्या 13असलम अंसारी/583ओम प्रकाश साह/338
वार्ड संख्या 14मुस्ताक अंसारी/603मो. रियाज/333
वार्ड संख्या 15चंचल सिंह/433प्रेमशीला देवी/407
वार्ड संख्या 16रियाज अंसारी/526श्याम कुमार भगत/457
वार्ड संख्या 17आलमगीर अंसारी/477मो. नवाज/407
वार्ड संख्या 18कृष्णा शर्मा/679प्रीति दास/451
वार्ड संख्या 19तनु दास/475माधुरी मंडल/385
वार्ड संख्या 20चीनू बीबी/455फिरदौसी खातून/417
वार्ड संख्या 21राबिया बेवा/386सलीमा बेगम/309

जनता से जो वादे किए थे उसे पूरा करूंगीः सबरी पाल

जीत के उपरांत नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जीत नगर परिषद क्षेत्र की जनता की जीत है. उन्होंने कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता शहर में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराना है. नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने मुझे मौका दिया है और चुनाव से पहले मैंने जो भी वादे किए थे, उसे जल्द पूरा करूंगी.

Pakur Municipal Council election

बता दें कि पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा उपाध्यक्ष संपा साहा पार्टी समर्थित प्रत्याशी थीं, जबकि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सबरी पाल पार्टी के निर्णय के खिलाफ चुनाव मैदान में थीं. वहीं झामुमो समर्थित प्रत्याशी शेख सेलिना सुलताना, कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मोनिता कुमारी और वामपंथ समर्थित प्रत्याशी मुकुल भट्टाचार्य सहित कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थीं.

Pakur Municipal Council election

भाजपा ने अपनी ही पार्टी के महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष संपा साहा को अपना समर्थन दिया था और जिससे नाराज होकर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सबरी पाल चुनावी मैदान में कूदी थीं. सबरी पाल के चुनावी मैदान में आने से बाजार में सबरी पाल की चर्चा होने लगी. संपा के पक्ष में प्रचार करने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे पाकुड़ पहुंचे थे और नाराज कार्यकर्ताओं को समझाने-बुझाने के साथ ही पदयात्रा की थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा और सबरी पाल चुनावी मैदान में डटी रहीं और जीत दर्ज की.

Read more

Local News