पलामू: जिले के पांकी थाना का नया भवन बुधवार को औपचारिक रूप से जनता को समर्पित किया गया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पांकी थाना क्षेत्र को पलामू पुलिस के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। इसकी सीमाएं चतरा और लातेहार जिलों से जुड़ती हैं। यह इलाका पहले नक्सली गतिविधियों के कारण संवेदनशील रहा है, जबकि हाल के वर्षों में यहां अवैध अफीम की खेती और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
बताया गया कि पुराने थाना भवन की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी थी और लंबे समय से नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन में थाना संचालित होगा। यह भवन पांकी-बालूमाथ मार्ग के किनारे स्थित है, जिससे आम लोगों और पुलिस दोनों को सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन के दौरान विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने कहा कि नए भवन के निर्माण से पुलिस को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को बेहतर सेवाएं देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करती है और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उसके कार्य को अधिक प्रभावी बनाती हैं।
कार्यक्रम के बाद डीआईजी किशोर कौशल और एसपी कपिल चौधरी ने नए थाना परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
समारोह में लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, पूर्व जिला परिषद सदस्य लवली गुप्ता समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन के अनुसार, पलामू जिले में पुलिस अधोसंरचना को मजबूत करने के तहत पांकी के अलावा मनातू और रेहला थाना क्षेत्रों में भी नए भवन तैयार किए गए हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
