पलामूः जिला में पांकी थाना क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के द्वारा एक बच्चे को इंजेक्शन दिया गया. इंजेक्शन लेने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और कुछ घंटों के बाद बच्चे की मौत हो गई.
पूरे मामले में बच्चे के परिजनों ने हंगामा किया है और झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिक की करवाई है. पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है जबकि उसके कथित क्लीनिक से इंजेक्शन और दवा को जब्त किया गया है.
परिजनों के अनुसार, पांकी थाना क्षेत्र के मझौली के नौ वर्षीय आदर्श कुमार को बुखार लगने के परिजन झोलाछाप डॉक्टर इस्लाम अंसारी के पास ले गए थे. इस्लाम अंसारी ने आदर्श कुमार को इंजेक्शन दिया और दवा भी दी. कुछ देर बाद में आदर्श कुमार की हालत खराब हो गई. इसपर परिजनों ने चिकित्सक इस्लाम अंसारी से बात की तो उसके द्वारा बताया गया है कि धीरे-धीरे बच्चे की हालत ठीक हो जाएगी.
इसके बाद भी बच्चे की हालत बिगड़ने के बाद परिजन स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद नाराज परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर इस्लाम अंसारी के द्वारा गलत इंजेक्शन और दवा दी गयी है, स्वास्थ्य केंद्र में उन्हें इस बात की जानकारी दी गई थी.
पूरे मामले में मृतक के चाचा ने पांकी थाना में प्राथमिकी की दर्ज करवाई है. पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि दर्ज एफआईआर के आधार पर इस्लाम अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है जबकि पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है. दवा एवं इंजेक्शन को भी जब्त किया गया है.


