पलामूः जिले के एक माइंस कारोबारी के घर 30 लाख रुपए नगद और 18 लाख के जेवरात की चोरी हुई है. घटना में शामिल चोरों की वीडियो एवं फोटो सीसीटीवी में कैद हो गई है. पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
खान कारोबारी गोविंद मेहता का घर मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के हाउसिंग कॉलोनी के इलाके में है. जबकि गोविंद मेहता का पैतृक घर नावाजयपुर थाना क्षेत्र के दिपौवा के इलाके में है. गोविंद मेहता बुधवार की सुबह किसी काम से अपने पैतृक गांव गए थे. उस समय घर में कोई नहीं मौजूद था. दोपहर के दो बजे के करीब जब बेटा स्कूल से वापस लौटकर आया तो उसने देखा कि घर की ग्रिल को नुकसान पहुंचाया गया है और अंदर के दरवाजे टूटे हुए हैं.
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोविंद मेहता मेदिनीनगर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर बक्से में रखे हुए नकदी एवं जेवरात चोरी हो गई है. गोविंद मेहता ने पूरे मामले में टाउन थाना में आवेदन दिया है. पुलिस ने पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि चोरी की घटना हुई है और पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है तथा अन्य तकनीकी बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है.


