पलामू: जिले में एक नेता जी की पिटाई हुई है. पिटाई के दौरान आरोपियों ने उनका का मोबाइल और नकदी भी छीन ली. पूरे मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है. एफआईआर में एक बड़े अधिकारी का जिक्र है.
दरअसल एक राजनीतिक दल और कुशवाहा महासभा से जुड़े लव मेहता पलामू से रांची जा रहे थे. इसी क्रम में पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रुकवाया जैसे वह नीचे उतरे तो उनके साथ मारपीट की गई. वहीं उस वक्त उनके साथ मौजूद उनके भतीजे के साथ भी मारपीट की गई. लव मेहता का आरोप है कि इस दौरान हथियार का भी इस्तेमाल हुआ.
लव मेहता का कहना है कि आरोपियों ने उनसे 20 हजार नकद और मोबाइल भी लूट लिए. पूरे मामले में पलामू के लेस्लीगंज थाना में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ आवेदन दिया है. लव मेहता ने पुलिस को दिए आवेदन में एक अधिकारी के पद का जिक्र किया है. आवेदन के आधार पर डब्लू पांडेय, अभिनव कुमार, चंदन कुमार राय और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
पुलिस के जांच में यह बात सामने आई है कि मारपीट करने का एक आरोपी उत्तर प्रदेश का जबकि एक गिरिडीह का रहने वाला है. एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया है. पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज हुई है, पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है.


