पलामू: जिले में अपराध नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए रविवार को पुलिस ने विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जिले के अलग-अलग चिन्हित स्थानों पर वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान शाम 4 बजे से 6 बजे तक चलाया गया। जिले के 15 स्थानों पर दो-दो थाना क्षेत्रों की संयुक्त टीमों को तैनात कर वाहनों की जांच की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना, अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराना था।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए समय-समय पर अलग-अलग स्तर पर एंटी क्राइम अभियान चलाए जाते हैं। इसी कड़ी में रविवार को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत विशेष वाहन जांच की गई।
724 वाहनों की हुई जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 724 वाहनों की जांच की। इनमें 418 दोपहिया और 306 चारपहिया वाहन शामिल थे। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच दोपहिया वाहनों को जब्त किया गया, जबकि चार अन्य वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने हेलमेट नहीं पहनने, ट्रिपल लोडिंग और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। इसके अलावा वाहनों की तलाशी लेकर अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ या अन्य प्रतिबंधित सामान की जांच भी की गई।
ब्लैक फिल्म हटाई गई
चेकिंग के दौरान नियमों के खिलाफ चारपहिया वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। पुलिस ने 10 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाई और चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
लेस्लीगंज और तरहसी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बैरिया मोड़ पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई वाहनों की जांच की गई और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की गई।
अभियान में लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन, एसआई मनींद्र कुमार शर्मा समेत दोनों थानों के पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
