पलामू: जिले में बाइक सवार अपराधियों ने तीन अलग-अलग थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है. अपराधियों ने तीन जगह चेन स्नेचिंग की है. जबकि चौथी जगह बाइक की डिक्की तोड़कर 25 लाख के जेवरात को गायब कर दिया है.
- पहली घटना मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के रांची रोड रेडमा और दूसरी घटना पांकी रोड रेडमा के इलाके की है. बाइक सवार अपराधियों ने दोनों जगहों पर चेन स्नैचिंग की है. तीसरी घटना पलामू के सदर थाना क्षेत्र के जोड़ इलाके की है. जहां एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की घटना हुई. चौथी घटना लेस्लीगंज बाजार क्षेत्र की है. जहां अरूण कुमार सोनी नामक जेवर एवं बर्तन कारोबारी अपने दुकान को बंद कर घर जा रहे थे. इसी क्रम में उन्होंने दुकान के जेवरात को बाइक के डिक्की में रख रहे थे कि तभी बाइक सवार अपराधी मौके पर पहुंचे और बाइक की डिक्की तोड़कर जेवर को लेकर फरार हो गए. अपराधियों ने करीब 25 लाख के जेवर को छीन लिया है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद लेस्लीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य जांच पर यह बात सामने आई है कि सभी घटनाओं में एक ही गिरोह का हाथ है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. लेस्लीगंज का थाना प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि बाइक की डिक्की तोड़कर घटना को अंजाम दिया गया है. पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.


