Friday, May 22, 2026

पलामू के छत्तरपुर में एक अनाथ बेटी की शादी ग्रामीणों ने करवाई.

Share

पलामू: जिले के नक्सल प्रभावित छत्तरपुर के पाटादोहर के ग्रामीणों ने आपसी एकजुटता की मिसाल कायम की है. ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव की एक अनाथ बेटी की शादी करवाई है. इस शादी का खर्च पर्यावरणविद कौशल किशोर जायसवाल और मुखिया पूनम जायसवाल ने उठाया है. पाटादोहर की रहने वाली बरती कुमारी के माता पिता नहीं हैं.

ग्रामीणों ने आपसी बैठक की और बरती कुमारी की शादी छतरपुर के इलाके के रहने वाले अर्जुन सिंह के साथ तय की. ग्रामीणों ने आपसी एकजुटता से लड़की की शादी करने का निर्णय लिया था. इसके बाद बरती और अर्जुन की शादी करवाई गई. शादी का खर्च विश्वव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के कौशल किशोर जायसवाल और उनकी पत्नी मुखिया पूनम जायसवाल ने उठाया.

नवदंपति को पर्यावरणविद ने दिया आशिर्वाद

दोनों ने खुद शादी समारोह में भाग लिया और नवदंपति को आशीर्वाद दिया. इस दौरान कौशल किशोर जायसवाल ने नवदंपति को अमरूद और कपूर के पौधे को भेंट के रूप में दिया. कौशल किशोर जायसवाल ने बताया कि ग्रामीणों ने एकजुट होकर शादी करवाने का निर्णय लिया था. सभी ग्रामीणों के सहयोग से शादी करवाई गई है.

कौशल किशोर ने खुद भी सहयोग किया है. दरअसल कौशल किशोर जायसवाल अब तक 22 अनाथ और असहाय बच्चे- बच्चियों की शादी करवा चुके हैं. इन शादियों का सारा खर्च उन्होंने खुद उठाया है. शादी के लिए ग्रामीणों ने काफी सहयोग किया है और हर घर से भी मदद मिली है.

Read more

Local News