भागलपुर जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र के पश्चिम टोला भोलसर निवासी रोहित महलदार की पत्नी ने झगड़े के बाद आत्महत्या कर ली. मृतका की सास ने बताया कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर दो दिन से झगड़ा चल रहा था. इससे वह परेशान थी.
भागलपुर जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र के पश्चिम टोला भोलसर निवासी रोहित महलदार की पत्नी 25 वर्षीय शांति देवी ने पति से हुए विवाद में घर की छत में लगे हुक से फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली. घटना मंगलवार की सुबह लगभग 8:30 बजे की बतायी जा रही है. घटना के समय मृतका की सास मजदूरी करने गयी थी, जबकि मृतका का पति मछली मारने गया था.
बेटे-बहू में दो दिन से चल रहा था झगड़ा: सास
सूचना मिलते ही परिवार के लोग घर पहुंचे और शव को नीचे उतारा. मृतका की सास ने बताया कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर दो दिन से झगड़ा चल रहा था. जिसका सुलह करने के लिए समधी और समधिन दोनों आये थे.
मृतका की है दो बेटियां
सोमवार की संध्या समधी अपनी पुत्री को समझा कर दोनों अपने घर कुरसेला लौट गये थे. मृतका शांति की सास ने बताया कि जैसे ही हम लोग सुबह अपने-अपने काम पर गये, इधर शांति ने फांसी लगा ली. मृतका को दो बेटी है. बड़ी पुत्री तीन साल की एवं छोटी तीन माह की है. एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच की. वहीं रसलपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टि आत्महत्या प्रतीत हो रहा है. शव को पोस्टमार्टम में भेज कर जांच की जा रही है.


