बिहार में ठंड और कोहरे का असर तेजी से बढ़ रहा है. पटना मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 नवंबर तक तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट होगी. कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10-14°C तक पहुंच गया है. उत्तरी इलाकों में घना कोहरा और कम विजिबिलिटी के कारण लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है.
बिहार में ठंड और कोहरा लगातार बढ़ रहा है. बिहार में इन दिनों ठंड का असर तेज होने लगा है. पटना मौसम विभाग के अनुसार 24 नवंबर तक तापमान और नीचे जा सकता है. अभी राज्य में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जो अगले कुछ दिनों में 2-3 डिग्री और कम हो सकता है. गया में सबसे कम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जबकि पटना में 12.7 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर में 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दिन का अधिकतम तापमान 27–31 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे दिन और रात के तापमान में काफी फर्क देखने को मिल रहा है.
कई जिलों में घना कोहरा
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल और मधेपुरा जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा. विजिबिलिटी कई जगह 1000 मीटर तक घट सकती है. उत्तरी और मध्य बिहार जैसे पटना, भोजपुर, सिवान, गया, मधुबनी और पूर्णिया में भी सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिलेगा.
बारिश की संभावना
22 नवंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक लो-प्रेशर सिस्टम बनने की संभावना है. इसके चलते 23 और 24 नवंबर को बिहार के कई जिलों में बारिश हो सकती है. बारिश होने पर ठंड और बढ़ सकती है
क्यों बढ़ रही है ठंड?
IMD के अनुसार, पश्चिमी हवाओं की रफ्तार कम होने और रात में आसमान साफ रहने की वजह से तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है. हवा की रफ्तार लगभग 25 किमी प्रति घंटे रह सकती है. सुबह के समय हवा कम चलने के कारण ठंड ज्यादा महसूस होती है.


