Thursday, March 26, 2026

पटना में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते सभी निजी और सरकारी स्कूलों को 30 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश है।

Share

पटना में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के चलते जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने आठवीं तक के सभी निजी और सरकारी स्कूलों को 30 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश दिया है। नौवीं और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगी। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक घने कोहरे और कोल्ड डे की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है।

पटना।  राजधानी में मौसम लगातार सर्द बना हुआ है। लोगों का घर से निकलना मुश्किल है। ऐसे में जिलाधिकारी डॉ. त्‍यागराजन एसएम ने एक बार फिर बच्‍चों के लिए राहत भरा कदम उठाया है। 

उन्‍होंने प्री स्‍कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों समेत निजी एवं सरकारी स्‍कूलों में आठवीं तक की कक्षा स्‍थगित रखने का आदेश जारी किया है। 30 दिसंबर तक इन स्‍कूलों की कक्षाएं नहीं चलेंगी। 

नौवीं से ऊपर तक की क्‍लास सुबह 10 से अपराह्न 3.30 बजे के बीच संचालित की जा सकेंगी। जिलाधिकारी ने 27 से 30 दिसंबर तक के लिए यह आदेश जारी किया है।

पछुआ के कारण बढ़़ी ठिठुरन 

कोहरा और सर्द पछुआ हवा के कारण राज्य के ज्यादातर जिलों में शीत लहर जैसी स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को राज्य के न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट आने के साथ ठिठुरन बढ़ी है।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए राज्य के ज्यादातर जिलों में अत्यंत घना कोहरा और राजधानी सहित 30 जिलों में कोल्ड डे को लेकर औरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

31 तक सुधार के आसार नहीं 

31 दिसंबर तक मौसम में कोई सुधार के आसार नहीं है। इस दौरान घना कोहरा और कोल्ड डे जैसे हालात बने रहेंगे। राज्य का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस से 13.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

राज्य के गया एवं भागलपुर के सबौर में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। सौ मीटर के साथ पटना, गया एवं वाल्मीकि नगर में सबसे कम दृश्यता दर्ज की गई।

पटना, गया और वाल्मीकि नगर में घना कोहरा छाए रहा। जबकि, अन्य जगहों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया।

राज्य के सात जिलों के औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नालंदा, छपरा, भागलपुर सबौर, वाल्मीकि नगर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया।

राज्य में 7.4 डिग्री सेल्सियस के साथ भागलपुर (सबौर) एवं औरंगाबाद का सबसे कम न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। पटना का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री गिरावट के साथ 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

शुक्रवार को राजधानी पटना के अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटों के दौरान चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 14.6 डिग्री सेल्सियस एवं 24.1 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राजधानी सहित आसपास इलाकों में पछुआ के कारण कनकनी का प्रभाव बना रहा।

10 डिग्री के नीचे सात जिलों का तापमान

पछुआ के कारण कनकनी बढ़ने के साथ राज्य के सात जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है।

शुक्रवार को औरंगाबाद, गयाजी, जहानाबाद, नालंदा, छपरा, सबौर एवं वाल्मीकि नगर का न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। औरंगाबाद एवं भागलपुर के सबौर में 7.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।  

Read more

Local News