पटना में कई स्वयंसेवी और धार्मिक संस्थान मरीजों को कम खर्च में बेहतर उपचार उपलब्ध करा रहे हैं। ये संस्थान ओपीडी, जांच, ऑपरेशन और इमरजेंसी जैसी सुविधाएं रियायती दरों पर प्रदान करते हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को काफी राहत मिलती है।
- पटना। बिहार की राजधानी पटना में जहां एक ओर सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ रहती है, वहीं, दूसरी ओर कई स्वयंसेवी और धार्मिक संस्थान कम खर्च में बेहतर उपचार उपलब्ध कराकर मरीजों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन रहे हैं।
इन संस्थानों में ओपीडी से लेकर जांच, ऑपरेशन और इमरजेंसी तक की सुविधाएं बेहद रियायती दरों पर दी जा रही हैं, जिससे खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को काफी सहूलियत मिल रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सक्रिय ये संस्थान न केवल सस्ता उपचार उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि कई जगहों पर आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी सुविधा दी जा रही है। प्रस्तुत है डा. नलिनी रंजन की रिपोर्ट :-
मारवाड़ी हेल्थ सोसायटी में 50 रुपये में OPD
राजेंद्र नगर स्थित मारवाड़ी हेल्थ सोसायटी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यहां सुबह नौ से शाम छह बजे तक ओपीडी संचालित होती है, जहां मात्र 50 रुपये में मरीजों का रजिस्ट्रेशन कर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिया जाता है।
विभिन्न विभागों मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति, नेत्र, शिशु, हृदय, स्किन समेत कई रोगों का उपचार अलग-अलग समय पर किया जाता है। मरीजों के लिए रियायती दरों पर पैथोलाजी जांच और सप्ताह में एक दिन मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।
10 रुपये में वरीय नागरिकों का उपचार
राजीव नगर रोड नंबर 24 एच में अवस्थित वरिष्ठ नागरिक अस्पताल, जो महावीर मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित है, वहां मात्र 10 रुपये में ओपीडी सुविधा दी जा रही है। शुरुआत में बुजुर्गों के लिए स्थापित यह अस्पताल अब सभी आयु वर्ग के मरीजों का उपचार कर रहा है।
यहां करीब 9 विभागों में डॉक्टर उपलब्ध रहते हैं। अस्पताल में सामान्य डिलीवरी 6,900 रुपये और सिजेरियन 11,475 रुपये में कराई जा रही है। इसके अलावा कम खर्च में इंडोर, ऑपरेशन, रेडियोलाजी और पैथोलाजी जांच की सुविधा भी दी जा रही है।
50 रुपये में आंखों का इलाज
नाला रोड स्थित रामकृष्ण मिशन नेत्र अस्पताल में मात्र 50 रुपये में आंखों का इलाज किया जाता है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच से लेकर सर्जरी तक की सुविधा उपलब्ध है। जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं व चश्मा भी उपलब्ध कराए जाते हैं। यहां सुबह आठ बजे से इलाज प्रारंभ होता है।
महावीर वात्सल्य अस्पताल में बच्चों की इमरजेंसी सुविधा उपलब्ध
कुर्जी एलसीटी घाट स्थित महावीर वात्सल्य अस्पताल में बच्चों के इलाज और कार्डियक इमरजेंसी की विशेष व्यवस्था है। यहां मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति, सर्जरी समेत कई विभागों की सुविधा एक ही स्थान पर मिलती है।
यहां बच्चों के लिए विशेष एनआइसीयू के साथ-साथ पीआइसी की सुविधा उपलब्ध है। यहां ओपीडी में 100 रुपये में चिकित्सक देखते हैं। यहां रियायती दरों में जांच व भर्ती की सुविधा उपलब्ध है।
महावीर कैंसर संस्थान में 25 रुपये में ओपीडी, बच्चों का फ्री उपचार
फुलवारीशरीफ स्थित महावीर कैंसर संस्थान में मात्र 25 रुपये में ओपीडी कर कैंसर की जांच से लेकर सर्जरी तक की सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां गरीब मरीजों को आर्थिक सहायता भी दी जाती है, जबकि 18 वर्ष तक के बच्चों का मुफ्त इलाज किया जाता है।
महावीर मंदिर की ओर से संचालित महावीर कैंसर संस्थान में एक छत के नीचे कैंसर का सभी उपचार उपलब्ध है। यहां मरीजों के लिए अत्याधुनिक सर्जरी से लेकर सभी तरह के कैंसर की जांच व उपचार की सुविधा है।
संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एलबी सिंह ने बताया कि यहां गरीब मरीजों के लिए मंदिर ट्रष्ट की ओर आर्थिक सहायता भी मुहैया कराई जाती है।
रेडक्रास में 30 रुपये में ओपीडी
गांधी मैदान के सामने स्थित रेडक्रास सोसायटी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यहां 30 रुपये में ओपीडी परामर्श के साथ ब्लड बैंक, फिजियोथेरेपी, एक्स-रे और पैथोलाजी जांच की सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध है।
साथ ही कम लागत में चश्मा और आंखों के ऑपरेशन की सुविधा भी दी जा रही है। अध्यक्ष डॉ. बीबी सिन्हा ने बताया कि यहां 250 रुपये में पावर वाला चश्मा भी मिलता है। यहां ब्लड बैंक, फिजियोथिरेपी, पैथोलाजी, एक्स-रे की भी सुविधा सस्ते दर पर उपलब्ध है।
कुर्जी अस्पताल में प्रसव के लिए पहुंचते हैं दूर-दराज से मरीज
कुर्जी मोड़ के पास अवस्थित कुर्जी अस्पताल में दूर-दराज से मरीज प्रसव के लिए पहुंचते हैं। यहां मरीजों के लिए इमरजेंसी के साथ ओपीडी की भी सुविधा उपलब्ध है। यहां ओपीडी चार्ज तीन से पांच सौ रुपये लगते हैं।
यहां मेडिसीन, सर्जरी, शिशु, स्त्री रोग विभाग, हड्डी, आंख, ईएनटी, न्यूरोलाजी की ओपीडी सुविधा उपलब्ध है। यहां ब्लड बैंक के साथ रेडियोलाजी की भी सुविधा उपलब्ध है।
1978 में शुरू हुई पॉलीक्लिनिक, फीस मात्र 150 रुपये
अशोक राजपथ पर पटना कालेज के सामने स्थित पॉलीक्लिनिक की शुरुआत वर्ष 1978 में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. ए.के. सेन, उनके सहयोगी डॉ. हरि अनुग्रह नारायण और डॉ. ए.के. दत्ता ने मिलकर की थी।
इस क्लिनिक में आज भी कम शुल्क पर लोगों का उपचार हो रहा है। क्लिनिक में जनरल फिजिशियन डा. शाकिल और डा. ए.के. गौड़ लोगों को अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
यहां सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 6 बजे से 8 बजे तक उपचार होता है। यहां रजिस्ट्रेशन शुल्क मात्र 150 रुपये है। इसके अलावा कम दर पर पैथोलाजी जांच, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध है।


