Tuesday, March 24, 2026

पटना के नियोजन भवन में 28 मार्च को 350 पदों के लिए एक दिवसीय जॉब कैंप आयोजित होगा, जिसमें इनविजिलेटर व सुपरवाइजर की भर्ती होगी।

Share

पटना के नियोजन भवन में 28 मार्च को 350 पदों के लिए एक दिवसीय जॉब कैंप आयोजित होगा, जिसमें इनविजिलेटर व सुपरवाइजर की भर्ती होगी। स्नातक योग्यता वाले 20-40 वर्ष के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं, जिन्हें लगभग 16,000 रुपये मासिक वेतन मिलेगा।

पटना। युवा, रोजगार व कौशल विकास विभाग का अवर प्रादेशिक नियोजनालय 28 मार्च शनिवार को एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन कर रहा है। आयकर गोलंबर स्थित कैंप नियोजन भवन के एक ब्लॉक के छठे तल में आयोजित किया जाएगा।

इसमें इनविजिलेटर व सुपरवाइजर के 350 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसमें 200 पद महिलाओं व 150 पद पुरुषों के लिए हैं। अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक है।

20 से 40 वर्ष के इन अभ्यर्थियों में बेहतर संचार कौशल होना जरूरी है। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 16,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

चयन प्रक्रिया जॉब कैंप स्थल पर ही पूरी की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, बायोडाटा, पैन कार्ड व अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई है।

कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में कई पदों पर मिले अवसर

दूसरी ओर, पटना वीमेंस कॉलेज में प्लेसमेंट एवं करियर काउंसलिंग सेल की ओर से सोमवार को कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में छात्राएं अपने सपनों को आकार देने के लिए साक्षात्कार देती नजर आई।

प्लेसमेंट ड्राइव में यूजी के छटे सेमेस्टर और पीजी के चौथे सेमेस्टर की छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में क्रिएटर्स माइंड के निदेशक सचिन, रवि और विभागाध्यक्ष श्रीकांत कुमार ने संसाधन व्यक्ति के रूप में छात्रों का मार्गदर्शन किया।

उन्होंने कार्पोरेट जगत की अपेक्षाओं, कौशल विकास और व्यावसायिक विकास के बारे में जानकारी दी। इसके तहत सेल्स कंसल्टेंट, एचआर एग्जीक्यूटिव, स्क्रिप्ट राइटर, वीडियो क्रिएटर, ग्राफिक डिजाइनर, वीडियो एडिटर, टेक्निकल हेड और सरकारी आदेश विशेषज्ञ जैसे विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।

कुल 45 छात्राओं ने साक्षात्कार के प्रारंभिक चरण में भाग लेकर अपने कौशल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का समन्वयन प्लेसमेंट सेल के सदस्य गौतम सौरभ, अद्वितीय सिन्हा, राजीव रंजन और डा. सत्यम कुमार द्वारा किया गया, जबकि आयोजन डीन आलोक जौन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

Read more

Local News