बास डी लीडे के ऑलराउंड प्रदर्शन की वजह से नीदरलैंड्स ने मंगलवार को नामीबिया पर 7 विकेट से जीत हासिल की. नामीबिया को 156/8 पर रोकने के बाद नीदरलैंड्स ने डी लीडे के 48 गेंदों पर नाबाद 72 रनों की बदौलत 18 ओवर में 3 खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. यह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड्स की पहली जीत थी.
इसके अलावा यह टी20 वर्ल्ड कप में विकेटों के मामले में नीदरलैंड्स की सबसे बड़ी जीत भी थी. इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली एसोसिएट टीम बन गई. उसके बाद स्कॉटलैंड है और नामीबिया व आयरलैंड हैं.
T20 WC में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली एसोसिएट टीम
- 11 – नीदरलैंड्स
- 8 – स्कॉटलैंड
- 5 – नामीबिया
- 3 – आयरलैंड
मैच की बात करें तो नीदरलैंड्स के कैप्टन स्कॉट एडवर्ड्स ने मंगलवार को टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला किया. पावरप्ले में नामीबिया सिर्फ 40 रन ही बना पाई. जान फ्राइलिंक (30) और जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (42) के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 रन की पार्टनरशिप ने नामीबिया को संभालने में मदद की.
इसके अलावा लॉफ्टी-ईटन ने 38 गेंदों पर 42 रन की तेज पारी खेली, जबकि अनुभवी जेजे स्मिट ने 22 रन बनाए. वैन बीक और बास डी लीडे नीदरलैंड्स के लिए सबसे सफल बॉलर रहे, जिन्होंने दो-दो विकेट लिए.
जवाब में, नीदरलैंड्स ने पावरप्ले में 50 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन पहले छह ओवर में ही दो बड़े विकेट गंवा दिए. लेविट तीन छक्के और एक चौका की मदद से 15 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन (32) ने पारी संभाली और 70 रन की साझेदारी करके अपनी टीम को काफी हद तक सुरक्षित पहुंचाया.
डी लीडे, जिन्होंने 13वें ओवर में छक्का लगाकर नीदरलैंड्स के लिए 100 रन पूरे किए, ने शानदार हाफ सेंचुरी बनाकर टीम को फिनिश लाइन तक पहुंचाया. उन्होंने मुश्किल पिच पर बैटिंग को आसान बना दिया, पांच चौके और चार छक्के लगाए, जिससे नीदरलैंड्स 18 ओवर में 3 विकेट खोकर 156 रन चेस कर लिया.


