निकाय चुनाव के प्रचार के दरमियान भारतीय जनता पार्टी और जेएमएम के बीच जुबानी जंग जारी है. भाजपा के कई बड़े नेताओं ने बैलेट पेपर से हो रहे चुनाव पर सवाल उठाया है. उन्होंने यह आरोप लगाते हुए कहा है कि हेमंत सोरेन की सरकार चुनाव में धांधली करवा सकती है.
भाजपा ने यूजीसी के मुद्दे पर भी जेएमएम के मंत्री सुदिव्य कुमार पर और पार्टी पर यह आरोप लगाया कि वे बांटने का काम कर रहे हैं. शनिवार की सुबह इन आरोपों का जवाब झामुमो की तरफ से आया है. अपनी समर्थित प्रत्याशी प्रमिला मेहरा के साथ वोटरों से मिलने पहुंचे झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि ‘चुनाव पुरी तरह से निष्पक्ष हो रहा है, कहीं भी गड़बड़ी की आशंका नहीं है. हार के डर से भाजपा के लोग अर्नगल आरोप लगा रहे हैं’.
वहीं भाजपा नेताओं द्वारा जेएमएम सरकार के मंत्री सह स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार पर जातिगत मतभेद पैदा करने के आरोपों पर भी संजय सिंह ने जवाब दिया है. जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि ‘हमारा दल समता मूलक समाज की राजनीति करता है. हमारे दल में सभी समाज के वर्गों का सामान प्रतिनिधित्व है. वहीं भाजपा देश को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का काम करती रही है. इसका ताजा उदाहरण यूजीसी है. जो बच्चे विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने जायेंगे वहां पर भी बच्चों के बीच में मतभेद पैदा किया जा रहा है’.
सोशल मीडिया की पोस्ट पर प्रमिला का जवाब
इधर प्रचार के अंतिम दिन जेएमएम जिलाध्यक्ष एवं समर्थकों के साथ शहर में निकली प्रमिला ने कहा कि उन्हें जनता का पूरा प्रेम मिल रहा है. सोशल मिडिया पर हो रही पोस्ट पर कहा कि ‘ महिला घर को सुंदर व सुसज्जित बनाकर रखती है. उन्हें जनता का प्यार मिला तो गिरिडीह शहर भी सुंदर व सुसज्जित बनाएगे’.


