6 अक्टूबर 2026। यामी गौतम धर की आने वाली फिल्म ‘नई नवेली’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म का दूसरा गाना ‘फटा पटाखा’ रिलीज कर दिया गया है। यह एक हाई-एनर्जी डांस ट्रैक है, जिसमें यामी गौतम को जॉम्बीज के बीच एक अनोखी पार्टी में डांस करते हुए दिखाया गया है।
इस गाने को जी म्यूजिक कंपनी ने Amazon MGM Studios और Colour Yellow के साथ मिलकर रिलीज किया है। म्यूजिक जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है, जबकि गाने के बोल वायु ने लिखे हैं। इसे मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है और डांस कोरियोग्राफी विजय गांगुली ने की है।
जॉम्बीज के बीच यामी का अनोखा डांस
‘फटा पटाखा’ को फिल्म की फैंटेसी दुनिया के अनुरूप तैयार किया गया है। गाने में तेज बीट्स, आकर्षक हुक स्टेप्स और बड़े स्तर की कोरियोग्राफी देखने को मिलती है। जॉम्बीज की मौजूदगी इसे आम डांस नंबर से अलग अंदाज देती है।
गाने का मूड पूरी तरह मस्ती और सेलिब्रेशन वाला है। मेकर्स को उम्मीद है कि नवरात्रि के दौरान यह ट्रैक दर्शकों के बीच खास जगह बनाएगा और फेस्टिव माहौल में डांस के लिए पसंद किया जाएगा।
जी. वी. प्रकाश कुमार ने क्या कहा?
गाने के कंपोजर और प्रोड्यूसर जी. वी. प्रकाश कुमार के मुताबिक, ‘फटा पटाखा’ के जरिए ‘नई नवेली’ की दुनिया के लिए एक अलग तरह का म्यूजिक तैयार करने की कोशिश की गई है।
उन्होंने बताया कि ट्रैक में शुरुआत से ही जश्न वाला माहौल रखने के साथ मजबूत हुक तैयार करने पर ध्यान दिया गया। उनके अनुसार वायु के बोल और मधुबंती बागची की आवाज ने गाने में जरूरी चंचलता और ऊर्जा जोड़ दी है, जबकि यामी की परफॉर्मेंस ने इसकी प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाया।
मधुबंती बागची भी गाने को लेकर उत्साहित
सिंगर मधुबंती बागची ने ‘फटा पटाखा’ को मस्ती, ह्यूमर और एनर्जी से भरा ट्रैक बताया। उन्होंने कहा कि गाने की रिकॉर्डिंग का अनुभव बेहद मजेदार रहा और इसकी बड़ी व ऊर्जावान प्रस्तुति इसे उनके लिए खास बनाती है।
मधुबंती के मुताबिक, जी. वी. प्रकाश कुमार और वायु की जोड़ी ने इस गाने को काफी रोमांचक अंदाज दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह दर्शकों को इस ट्रैक पर डांस करते हुए देखने का इंतजार कर रही हैं।
बालाजी मोहन ने किया है निर्देशन
‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। ‘फटा पटाखा’ फिल्म का दूसरा गाना है और इसके जरिए मेकर्स ने कहानी की फैंटेसी और मजेदार दुनिया की एक और झलक दर्शकों के सामने रखी है।
BHARATSUPERFASTNEWS
