नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में बिहार के 9 लोग समेत कुल 18 लोगों की जान चली गई. बिहार के मृतकों की पहचान हो गई है.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई है. रेलवे की ओर से इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. इस हादसे को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेल भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे के बाद यह बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में रेल मंत्री को पूरी घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी. इस हादसे में बिहार के 9 लोगों की जान चली गई. अब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की हुई मृत्यु पर मृतकों के आश्रितों को दो लाख रुपये अनुग्रह अनुदान एवं घायलों को 50 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की है.
मृतकों के नाम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मरने वाले लोगों में बक्सर की आशा देवी (79), सारण की पूनम देवी (35), पटना की ललिता देवी (35), मुजफ्फरपुर की सुरुचि (11), समस्तीपुर की कृष्णा देवी (40), समस्तीपुर के विजय साह (15), नीरज कुमार राय (12), नवादा की शांति देवी (40) और नवादा की पूजा कुमारी (8) की दुखद मौत हो गई.
