आदित्य धर की निर्देशित आगामी फिल्म ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर के बैकग्राउंड गाने ‘आरी-आरी’ ने सभी का ध्यान खींचा है. जोश से भरा यह गाना लोगों को काफी पसंद आया है. यह गाना सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है. लेकिन क्या आपको पता है कि इस गाने का तार पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ा हुआ है?
‘धुरंधर: द रिवेंज’ का ट्रेलर आज सुबह 11:01 बजे रिलीज हुआ और इसने ऑनलाइन खूब हलचल मचा दी. वहीं, ट्रेलर के बैकग्राउंड ट्रैक आरी-आरी ने लोगों का दिल जीत लिया है. ट्रेलर रिलीज होने के कुछ ही मिनटों के अंदर यह गाना रील्स, एडिट्स और फैन वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर छा गया है. ट्रेलर में इस ट्रैक पर काफी मारकाट दिखाया गया है.
‘आरी-आरी’ लगभग 2 दशक पुराना पंजाबी पॉप गाने का रीमिक्स है. ‘आरी-आरी’ मूल रूप से डेनिश-भारतीय जोड़ी बॉम्बे रॉकर्स द्वारा गाया गया था. यह उनके पहले एल्बम इंट्रोड्यूसिंग… में 2000 के दशक की शुरुआत में शामिल था.
‘आरी आरी’ असल में 2004-2005 के आसपास ‘आरी आरी पार्ट 1’ नाम से रिलीज हुआ था. यह गाना पंजाबी लोक संगीत जैसे पारंपरिक ‘बड़ी बरसी खटन गया सी’ और लोक धुनों को हिप-हॉप और एनर्जेटिक बीट्स के साथ मिलाकर बनाया गया था, जिससे यह 2000 के दशक के शुरुआती पंजाबी-पॉप दौर का हिट बन गया था.
बता दें, बॉम्बे रॉकर्स एक डेनिश और इंडियन म्यूजिकल जोड़ी है, जो काफी पॉपुलर है. उनका पहला एल्बम इंट्रोड्यूसिंग था, जिसके उस समय 100,000 से ज्यादा रिकॉर्ड बिके थे. बॉम्बे रॉकर्स में इंडियन सिंगर नवतेज सिंह रेहल के साथ थॉमस सरडॉर्फ और जेनस बार्नविट्ज थे. उन्होंने मिलकर बॉम्बे रॉकर्स बैंड बनाया, जिसमें नवतेज सिंह रेहल ने पंजाबी और हिंदी में गाने दिए और सरडॉर्फ ने इंग्लिश में गाया.
बर्नविट्ज ने इस जोड़ी के साथ प्रोडक्शन पर काम किया. अब यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि धुरंधर 2 में रीमिक्स के तौर पर आए इस गाने को फैंस से कितना प्यार मिलता है. क्या यह गाना भी धुरंधर के पहले पार्ट के गानों की तरह धूम मचा पाएगा?


