नई दिल्ली: भारतीय संस्कृति में तुलसी के पौधे को अत्यंत पवित्र माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है और यह घर में सकारात्मक ऊर्जा, समृद्धि और सुख-शांति का प्रतीक होता है. ज्योतिषाचार्य पंडित अभय मिश्रा के अनुसार, “तुलसी का पौधा जिस घर में होता है, वहां देवी लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है और दरिद्रता दूर रहती है.”
पंडित मिश्रा बताते हैं कि तुलसी केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि ज्योतिष और वास्तु के अनुसार भी बहुत लाभकारी मानी जाती है. यह नकारात्मक ऊर्जा को हटाकर घर में सकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित करती है. इतना ही नहीं, इसके औषधीय गुण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाते हैं.
- शुक्रवार के दिन तुलसी की 11 पत्तियां तोड़कर आटे के डिब्बे में रखें – ऐसा करने से घर में अन्न की कमी नहीं होती और सदैव बरकत बनी रहती है.
- तुलसी की पत्तियों को लाल कपड़े में बांधकर पर्स या तिजोरी में रखें – यह उपाय धन आगमन को बढ़ाता है और आर्थिक स्थिति को मजबूत करता है.
- गुरुवार को तुलसी की पत्तियों को विष्णु भगवान को अर्पित कर पीले कपड़े में बांधकर अलमारी में रखें – इससे देवी लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है.
- शाम के समय आटे का दीपक बनाकर उसमें घी और हल्दी डालें, फिर दीपक को तुलसी के पौधे के पास उत्तर दिशा में रखें – मान्यता है कि इससे भाग्य के बंद दरवाजे खुलते हैं.
- पीतल के लोटे में तुलसी की पत्तियां डालकर वह जल घर में छिड़कें – यह उपाय मनोकामना पूर्ति में सहायक माना जाता है.
- 11 तुलसी पत्तियों पर “राम” नाम लिखकर माला बनाएं और हनुमान जी को चढ़ाएं – इससे सुख और शांति की प्राप्ति होती है.
तुलसी न केवल आस्था का केंद्र है बल्कि एक सकारात्मक ऊर्जा का स्त्रोत भी है. ये उपाय आमजन के लिए सरल, सुलभ और अत्यंत प्रभावकारी हैं. यह जानकारी जनहित में जारी की गई है ताकि अधिक से अधिक लोग इस ज्ञान का लाभ उठा सकें और अपने जीवन में सुख-समृद्धि ला सकें.


