‘धमाल 4’ के मेकर्स ने इस बहुप्रतीक्षित कॉमेडी एंटरटेनर फिल्म का ट्रेलर, आज 12 जून को रिलीज कर दिया है. यह जंबरदस्त हंसी-मजाक, मजेदार एडवेंचर और भरपूर मस्ती-धमाल का वादा करता है. इस ट्रेलर में ‘धमाल’ की पसंदीदा टीम फिर से एक साथ नजर आ रही है, जो खजाने की खोज में निकल पड़ी है.
अजय देवगन ने अपने इंस्टाग्राम पर धमाल 4 का ट्रेलर अपलोड किया है और कैप्शन में लिखा है, ‘ठीक सामने, आपको वो प्ले बटन दिख रहा है? हां, उसे दबा दीजिए. धमाल 4 का ट्रेलर आ गया है. 10 जुलाई से दुनिया भर के सिनेमाघरों में सबसे बड़ी फैमिली एंटरटेनर फिल्म देखें.’
तीन मिनट से ज्यादा लंबे इस ट्रेलर में दर्शकों को न सिर्फ फिल्म के मजेदार किरदारों से मिलवाया गया है, बल्कि डॉल्फिन, बाघ, सांप, मगरमच्छ और ऑक्टोपस जैसे कई तरह के जानवरों की भी झलक दिखाई गई है. साथ ही, भूतों से भरी एक डरावनी हवेली भी है, जिससे पूरी स्थिति और भी ज्यादा मजेदार और उथल-पुथल भरी हो जाती है.
‘धमाल 4’ का ट्रेलर मजेदार है. हालांकि, हम इस बात को नजरअंदाज नहीं कर सकते कि कहानी एक बार फिर वैसी ही है, जिसमें सभी किरदार खजाने की तलाश में हैं.फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, अंजलि आनंद, संजीदा शेख और ईशा गुप्ता हैं, और ट्रेलर में हर एक्टर को अच्छा मौका मिला है. हालांकि, रितेश और अंजलि सबसे ज्यादा ध्यान खींचते हैं. साथ ही, बैकग्राउंड में ‘चटनी सॉन्ग’ भी सुनाई देता है, जो असल में सलमान खान की फिल्म ‘दबंग 2’ में था.
ट्रेलर की शुरुआत पुरानी यादों को ताजा करने वाले एक सीन से होती है- ‘ठीक अपने सामने देखिए, क्या पहिए के सामने लाल बटन है? उसे नहीं दबाना था.’ इसी के साथ अजय देवगन और संजय मिश्रा को जोरदार इलेक्ट्रिक शॉक लगता है, जो आगे आने वाले पागलपन भरे माहौल का अंदाजा दे देता है. इसके बाद पूरी तरह से अफरा-तफरी मच जाती है.
जिसमें रवि किशन का समुद्री डाकू जैसा किरदार खजाने के नक्शे की जोर-शोर से तलाश कर रहा है. ‘धमाल 4’ में नई ऑन-स्क्रीन जोड़ियां भी देखने को मिलेंगी, जैसे अजय देवगन के साथ ईशा गुप्ता, अरशद वारसी के साथ संजीदा शेख और रितेश देशमुख के साथ अंजलि आनंद. वहीं, जावेद जाफरी अपने जाने-पहचाने अंदाज में लौटते हुए दिख रहे हैं, जिसमें वे प्यारे और अजीबोगरीब मानव श्रीवास्तव का किरदार निभा रहे हैं.
‘धमाल 4’ में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा जैसे दमदार कलाकार एक साथ नजर आएंगे. इनके साथ ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन भी शामिल हैं. कलाकारों की यह शानदार टीम जबरदस्त मस्ती, कॉमेडी-भरी अफरातफरी और लगातार हंसी-मजाक का माहौल तैयार करती है.
‘धमाल 4’ के डायरेक्टर इंद्र कुमार हैं और इसे अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठकेरिया, इंद्र कुमार, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक ने प्रोड्यूस किया है. ‘धमाल 4’ 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.


