धनबाद: धनबाद रेल मंडल में बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच की गई। अभियान के दौरान 55 यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे कुल 26,815 रुपये जुर्माना वसूला गया।
विशेष टीम ने चलाया टिकट जांच अभियान
रेलवे के अनुसार, यह अभियान धनबाद का दस्ता संख्या-02 और धनबाद स्लीपर की एलआर चेकिंग टीम ने संयुक्त रूप से चलाया। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित प्राधिकार के बिना सफर करने वाले और बिना बुक कराए सामान लेकर चलने वाले यात्रियों की जांच की गई।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की गई। रेलवे ने यात्रियों को आगे से वैध टिकट लेकर ही सफर करने की हिदायत भी दी।
टिकट काउंटरों पर दिखी भीड़
जांच अभियान के दौरान धनबाद स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। रेलवे ने यात्रियों से अपील की कि वे जल्दबाजी या लापरवाही में बिना टिकट यात्रा न करें और स्टेशन पर प्रवेश करने से पहले जरूरी टिकट जरूर खरीद लें।
टिकट के अनुसार ही करें यात्रा
धनबाद रेल मंडल ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे जिस श्रेणी का टिकट खरीदते हैं, उसी श्रेणी में सफर करें। बिना टिकट, गलत श्रेणी में या निर्धारित नियमों के विरुद्ध यात्रा करने पर जुर्माना भरना पड़ सकता है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। यात्रियों से नियमों का पालन करने और यात्रा से पहले टिकट संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की गई है।
BHARATSUPERFASTNEWS
