धनबाद में स्वास्थ्य विभाग से विवाद को लेकर अधिवक्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया.
धनबाद: बार एसोसिएशन और स्वास्थ्य विभाग के बीच जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. सदर अस्पताल परिसर स्थित पार्किंग मार्ग पर दीवार निर्माण के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब करीब एक सप्ताह से लगातार गहराता जा रहा है.
बार एसोसिएशन और स्वास्थ्य विभाग आमने–सामने हैं और हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. इसी कड़ी में सोमवार को अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित रही.
बार एसोसिएशन धनबाद और स्वास्थ्य विभाग के बीच चल रहे आंदोलन के तहत आज बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
सड़क जाम के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस दौरान कुछ स्थानों पर वाहन चालकों के साथ बदसलूकी की घटनाओं की भी सूचना है. प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी ने कहा कि जब तक अधिवक्ताओं को पार्किंग के लिए वैकल्पिक और सुगम रास्ता नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की मांग पूरी तरह जायज है और जनप्रतिनिधियों को इस मामले में हस्तक्षेप कर समाधान निकालना चाहिए.
वहीं, धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि प्रशासन की ओर से आंदोलन समाप्त कराने और विवाद सुलझाने की लगातार कोशिश की जा रही है. बार एसोसिएशन प्रशासन का अभिन्न अंग है. उन्होंने दोनों पक्षों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन सकारात्मक समाधान की दिशा में काम कर रहा है.


