धनबाद: शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह के मद्देनजर 9 अगस्त से स्टेडियम में परेड का अभ्यास कराया जा रहा था। गुरुवार को अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने परेड में शामिल टुकड़ियों के मार्च-पास्ट, सुरक्षा व्यवस्था और समारोह से जुड़ी अन्य तैयारियों को देखा। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्टेडियम परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रखने के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। मेडिकल टीम और चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सुबह 9 बजे मुख्य समारोह में फहराया जाएगा तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के दिन उपायुक्त शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इससे पहले सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8 बजे उपायुक्त के आवासीय कार्यालय और 10 बजे धनबाद समाहरणालय में ध्वजारोहण किया जाएगा।
मुख्य समारोह की परेड में डीएपी और एनसीसी की दो-दो प्लाटून के अलावा सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और ग्रामीण पुलिस की एक-एक प्लाटून शामिल होगी।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न सरकारी विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
वहीं, 14 अगस्त की शाम न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धनबाद जिले में प्रशासन की ओर से ड्राई डे लागू रहेगा।
