धनबाद: लोकसभा क्षेत्र में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सांसद ढुल्लू महतो ने एक नई पहल की है. उन्होंने एक सहायता कक्ष यानी हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया. यहां अब लोगों की शिकायतें सीधे दर्ज कर उनका जल्द समाधान किया जाएगा.
धनबाद में सांसद ढुल्लू महतो द्वारा शुरू किया गया यह सहायता कक्ष क्षेत्र की जनता के लिए एक अहम सुविधा के रूप में देखा जा रहा है. इस हेल्प डेस्क के जरिए लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याओं को एक ही जगह पर दर्ज करा सकेंगे.
लोकतंत्र की असली ताकत जनता में होती है और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें और उनका समाधान करें. अक्सर छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है:- ढुल्लू महतो, सांसद
हर आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई
अब इस हेल्प डेस्क के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही, हर आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.

जनता की समस्या का त्वरित समाधान
सांसद ने यह भी कहा कि यह पहल पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था को मजबूत करेगी और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में सहायक होगी. सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि जनता की समस्या का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता है और यह हेल्प डेस्क उसी दिशा में एक मजबूत कदम है.
लोगों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत होगा
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. उनका कहना था कि इससे आम लोगों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत होगा और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया आसान बनेगी.
धनबाद में शुरू हुआ यह हेल्प डेस्क आम जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है. अब देखना होगा कि यह व्यवस्था जमीन पर लोगों को कितनी राहत दे पाती है.


