Wednesday, June 3, 2026

धनबाद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में 120 स्वास्थ्यकर्मियों को नियुक्त किया गया है.

Share

धनबाद: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. जिले में चयनित 120 नव नियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सदर अस्पताल में एकदिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान जिला प्रशासन ने नए कर्मियों को जनसेवा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने का संदेश दिया.

18 विभिन्न पदों पर 120 अभ्यर्थियों का चयन

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संविदा आधारित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में 18 विभिन्न पदों पर 120 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. चयनित कर्मियों में एएनएम, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन समेत कई अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं. इनकी तैनाती सदर अस्पताल के अलावा विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में की जाएगी, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर होंगी.

स्वास्थ्य विभाग में कार्य करना केवल नौकरी: उपायुक्त

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कार्य करना केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज की सेवा का अवसर है. उन्होंने सभी कर्मियों से समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभाने की अपील की. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को “ABCD मॉडल” से भी परिचित कराया.

निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है चयन प्रक्रिया: डीसी

उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी को उपलब्धता, बेहतर व्यवहार, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा को अपने कार्य का आधार बनाना चाहिए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है. साथ ही चेतावनी दी कि नियुक्ति या योगदान के नाम पर यदि कोई अवैध राशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें.

मानव जीवन से जुड़ा क्षेत्र है स्वास्थ्य सेवा: एसएसपी

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने नव नियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा सीधे मानव जीवन से जुड़ा क्षेत्र है इसलिए कर्मियों को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए. वहीं उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने नियमित उपस्थिति और समय पर योगदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

जल्द शुरू होगी स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति प्रक्रिया

जिला प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि जल्द ही स्वास्थ्य विभाग में करीब 100 और पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी. ऐसे अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा, जो परीक्षा में सफल रहे लेकिन मेरिट सूची में स्थान नहीं बना सके. स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से की गई यह नियुक्ति आने वाले दिनों में जिले की चिकित्सा सेवाओं को नई गति देने का काम करेगी. अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि ये नव नियुक्त स्वास्थ्यकर्मी लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में कितने सफल साबित होते हैं.

Read more

Local News