धनबाद: बेकारबांध स्थित ब्लेसिंग हॉल में जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने का संकल्प लिया गया. बैठक की शुरुआत जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह द्वारा कांग्रेस पार्टी का ध्वजारोहण कर की गई, जिसके बाद कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ.
पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना
बैठक का मुख्य आकर्षण नवगठित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रहा. सभी पदाधिकारियों ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने की शपथ ली. इसके बाद उन्हें नियुक्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए.
संगठन की मजबूती पर अधिक जोर
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजेंद्र प्रसाद सिंह, सुल्तान अहमद, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मदन महतो समेत कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही. वक्ताओं ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया.
हर कार्यकर्ता को समर्पित भाव से करना होगा काम: संतोष कुमार सिंह
अपने अध्यक्षीय संबोधन में संतोष कुमार सिंह ने कहा कि संगठन की ताकत ही कांग्रेस की असली पहचान है और इसे मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्ता को समर्पित भाव से काम करना होगा. उन्होंने बूथ, प्रखंड और जिला स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने की जरूरत बताई, ताकि पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाया जा सके.
जनता की समस्या को दूर करने और समाधान में सक्रिय भूमिका निभाना
उन्होंने आगामी दिनों में महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जन मुद्दों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन और जनसंपर्क अभियान चलाने की भी घोषणा की. साथ ही कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया.
संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक माह की 5 तारीख को जिला स्तर की बैठक और 10 तारीख को प्रखंड एवं नगर स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाएगी.
जिला अध्यक्ष ने एकजुटता पर दिया जोर
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे. आखिर में जिलाध्यक्ष ने सभी से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.


