Friday, March 27, 2026

धनबाद में आईजी सुनील भास्कर ने सात जिलों के एसपी के साथ समीक्षा बैठक की.

Share

धनबाद: पुलिस मुख्यालय सभागार में बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा और धनबाद के एसपी के साथ आईजी सुनील भास्कर ने बैठक की. जिसमें संगठित अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने को लेकर सभी एसपी को निर्देश दिए गए.

बैठक के बाद आईजी सुनील भास्कर ने बताया कि सातों जिलों की पुलिस काफी बेहतर ढंग से अपना कार्य कर रही है. कई बड़े मामलों का निष्पादन अच्छी तरह किया गया है. कांडों के निष्पादन की गति लगातार बढ़ रही है. साथ ही अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर काफी तेजी से कार्य हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि जिस तरह से चतरा जिले में संगठित अपराध के खिलाफ संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की गई, उसी आधार पर अन्य जिलों में भी कार्रवाई की जाएगी. इसे लेकर पुलिस लगातार कार्य कर रही है.

आईजी ने बताया कि जो अपराधी जेल से बाहर हैं उनकी सूची तैयार कर उनपर पुलिस के द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है. साथ ही सीसीए के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, ताकि वो जेल से बाहर आकर पुनः किसी अपराध को अंजाम न दे सकें. इसके साथ ही जो अपराधी देश के बाहर बैठकर यहां अपने गुर्गों के माध्यम से अपराध को अंजाम देने की कोशिश करते हैं उन भगोड़े अपराधियों के प्रत्यर्पण के लिए भी कार्य जारी है. संबंधित एजेंसी से इस संबंध में लगातार बात चल रही है, जल्द ही देश के बाहर बैठे अपराधियों को भी पकड़कर जेल के भेजा जाएगा.

Read more

Local News