धनबाद। होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों के लिए जिला प्रशासन ने दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच का कार्यक्रम जारी कर दिया है। धनबाद में चयनित 1096 अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों की जांच, चिकित्सीय परीक्षण, पुलिस चरित्र सत्यापन और बॉण्ड से जुड़ी प्रक्रिया 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक पूरी की जाएगी।
जिला समाहरणालय में यह प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिस अभ्यर्थी की निर्धारित तारीख पर उपस्थिति नहीं हो पाएगी, उसे 1 सितंबर 2026 को अंतिम मौका दिया जाएगा। इसके बाद किसी अन्य तिथि पर अवसर नहीं मिलेगा।
सरकार से अनुमति मिलने के बाद तय हुआ कार्यक्रम
उपायुक्त आदित्य रंजन के अनुसार, 3 जुलाई को चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों के साथ मेडिकल जांच और प्रमाण-पत्र सत्यापन को लेकर बैठक हुई थी। उस समय प्रक्रिया शुरू करने के लिए राज्य सरकार को पत्र भेजे जाने की जानकारी दी गई थी। राज्य सरकार की अनुमति मिलने के बाद अब सत्यापन और मेडिकल जांच का विस्तृत शेड्यूल निर्धारित किया गया है।
किस दिन किन अभ्यर्थियों का होगा सत्यापन
- 17 अगस्त: पूर्वी टुंडी के 98 अभ्यर्थी
- 18 अगस्त: टुंडी और बलियापुर के 98 अभ्यर्थी
- 19 अगस्त: कलियासोल और बाघमारा के 110 अभ्यर्थी
- 20 अगस्त: निरसा और गोविंदपुर के 112 अभ्यर्थी
- 21 अगस्त: तोपचांची के 56 अभ्यर्थी
- 22 अगस्त: एग्यारकुंड और धनबाद ग्रामीण के 114 अभ्यर्थी
- 24 अगस्त: शहरी गैर-तकनीकी धनबाद एवं शहरी गैर-तकनीकी चिरकुंडा के 77 अभ्यर्थी
- 25 अगस्त: शहरी गैर-तकनीकी धनबाद की मेधा सूची में क्रमांक 1 से 100 तक के पुरुष अभ्यर्थी
- 27 अगस्त: शहरी गैर-तकनीकी धनबाद की मेधा सूची में क्रमांक 101 से 200 तक के पुरुष अभ्यर्थी
- 29 अगस्त: शहरी तकनीकी धनबाद की मेधा सूची में क्रमांक 1 से 115 तक के पुरुष अभ्यर्थी
- 31 अगस्त: शहरी तकनीकी धनबाद की मेधा सूची में क्रमांक 1 से 24 तक की महिला अभ्यर्थी तथा क्रमांक 116 से 201 तक के पुरुष अभ्यर्थी
मूल दस्तावेज और चार फोटो साथ लाना जरूरी
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सत्यापन के समय आवेदन के साथ जमा किए गए सभी प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां और स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियां लाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो भी साथ रखना अनिवार्य होगा। फोटो के पीछे अभ्यर्थी का नाम और रोल नंबर लिखना होगा।
सत्यापन केंद्र पर डिजिटल वेरिफिकेशन और फोटोग्राफी की व्यवस्था भी की जाएगी।
फर्जी दस्तावेज पर होगी कानूनी कार्रवाई
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि गलत या फर्जी दस्तावेज के जरिए चयन प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
बिचौलियों के झांसे में नहीं आने की अपील
जिला प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों से किसी भी बिचौलिए के संपर्क में नहीं आने को कहा है। उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा से लेकर आगे की प्रक्रिया तक पारदर्शिता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर चयन या सत्यापन में मदद करने का दावा करता है, तो अभ्यर्थी इसकी जानकारी होमगार्ड डीएसपी के मोबाइल नंबर 6299226344 पर दे सकते हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और सत्यापन से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करें।
