Friday, April 10, 2026

धनबाद के विभिन्न एग्जाम सेंटर्स पर उत्पाद सिपाही परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच ली जाएगी.

Share

धनबादः झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी कर ली है.

रविवार 12 अप्रैल को जिला के 77 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने न्यू टाउन हॉल में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.

इस बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर समेत सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. केवल लेखन सामग्री के साथ ही परीक्षार्थियों को प्रवेश मिलेगा. प्रवेश के समय पहचान पत्र का सत्यापन और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी.

Preparation for Excise Constable Examination at various centres in Dhanbad

सुरक्षा के लिहाज से सभी केंद्रों पर सिंगल गेट सिस्टम लागू रहेगा. परीक्षार्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा. सभी स्टैटिक दंडाधिकारी, ऑब्जर्वर और पुलिस बल को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है.

प्रशासन ने मीडिया पर भी सख्ती बरतते हुए परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम के आसपास मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है. जब तक उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में जमा नहीं हो जातीं, तब तक दंडाधिकारी केंद्र पर ही तैनात रहेंगे.

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा के दौरान केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, दलालों या नकल गिरोह पर कड़ी नजर रखें.

परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित होगी—सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक सामान्य अध्ययन, 11:30 से 1:30 बजे तक क्षेत्रीय भाषा और 3:30 से 5:30 बजे तक भाषा ज्ञान की परीक्षा होगी. परीक्षार्थियों के लिए सुबह 7 बजे रिपोर्टिंग टाइम निर्धारित किया गया है.

इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी 77 केंद्रों को 7 जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन में फ्लाइंग स्क्वायड तैनात किए गए हैं. प्रशासन ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके.

Read more

Local News