झारखंड विधानसभा के रजत जयंती पर धनबाद से भाजपा विधायक राज सिन्हा को उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया जाएगा.
रांची: धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार से नवाजे जाएंगे. विधानसभा के रजत जयंती समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा. बुधवार को स्पीकर रबींद्रनाथ महतो के आवासीय कार्यालय में उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की हुई बैठक में इस पर मुहर लगी. स्पीकर रबींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल आदि मौजूद रहे.
बैठक के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि विधानसभा स्थापना दिवस इस बार खास है. रजत जयंती समारोह के अवसर पर चयनित सभी लोगों को सम्मानित किया जाएगा. इस साल स्थापना दिवस पर सम्मानित होने वालों में उत्कृष्ट विधायक के रूप में धनबाद विधायक राज सिन्हा को राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया जायेगा. इसके अलावा पुरस्कार पाने वालों में संतोष कुमार सिंह संयुक्त सचिव, नीलम कुजूर प्रशाखा पदाधिकारी, मोहम्मद शाहिद सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, राकेश कुमार सिंह उद्यान पर्यवेक्षक, अनुदेशक मन्नू राम और रविंद्र पाल का नाम शामिल हैं.
इन सभी को 22 नवंबर को स्थापना दिवस समारोह के मौके पर विधानसभा परिसर में सम्मानित किया जाएगा. विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि यह पुरस्कार एक सांकेतिक है, अगले वर्ष अच्छे काम करने वाले को फिर सम्मानित किया जाएगा. इस मौके पर पत्रकारों को सम्मानित किए जाने की मांग पर विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि इस संदर्भ में मैंने पत्रकारों के बीच से ही चयन करके मुझे नाम देने का आग्रह किया था, क्योंकि मैं पत्रकारों के बीच से किसी एक का नाम चयनित करने में सक्षम नहीं हूं.
- जानिए कौन हैं राज सिन्हा?
- राज सिन्हा धनबाद से भाजपा के विधायक हैं. वे पिछले विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं. साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने युवा नेता राज सिन्हा को धनबाद विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा था. राज सिन्हा ने कांग्रेस नेता मन्नान मल्लिक को 50 हजार से अधिक वोटों से मात दी थी.
इसके बाद 2019 में एक बार फिर से भाजपा आलाकमान ने राज सिन्हा पर भरोसा जताया और इस बार भी उन्होंने आलाकमान को निराश नहीं किया और दोबारा मन्नान मल्लिक को 30 हजार से अधिक वोटों से हराया. 2024 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने तीसरी बार राज सिन्हा पर अपना विश्वास जताया, राज सिन्हा ने भी विश्वास को न तोड़ते हुए जीत की हैट्रिक लगाई. इस तरह से भाजपा के अंदर और बाहर एक अलग छवि बनाने में वे सफल हुए.


