पल्लेकेले (श्रीलंका): ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम समझा जाने वाला मैच जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड बारिश की वजह से अभी तक शुरू नहीं हो सका है. तीन बजे शुरू होने वाले मैच में अभी तक टॉस भी नहीं हुआ है. पूरे मैदान को कवर्स से ढका गया है, क्योंकि अभी भी बूंदाबांदी हो रही है.
ग्रुप B के इस मैच के न होने से सबसे बड़ा नुकसान ऑस्ट्रेलिया को होगा, क्योंकि जिम्बाब्वे को एक अंक मिल जाएगा और वो कुल 5 अंक के साथ सुपर 8 में पहुंच जाएंगे, जिससे ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से सीधा बाहर हो जाएगा. 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया इससे पहले 2009 में ग्रुप स्टेज से बाहर हुई थी.
ऑस्ट्रेलिया को मिली दो हार
जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया. उन्होंने अपने पहले दो मैच जीते हैं और ग्रुप B पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर हैं, को-होस्ट श्रीलंका से ठीक नीचे, जिसने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की की.
जिम्बाब्वे से 23 रन से हारने के बाद, ऑस्ट्रेलिया सोमवार को को-होस्ट श्रीलंका से आठ विकेट से हार गया और शर्मनाक तरीके से बाहर होने की कगार पर पहुंच गया. मिशेल मार्श की कप्तानी वाली टीम अब दुआ कर रही होगी कि आयरलैंड जिम्बाब्वे को हरा दे. और अगर ऐसा होता है, तो भी बहुत काम करना बाकी है, जिसकी शुरुआत ओमान पर एक बड़ी जीत से होगी और उम्मीद करनी होगी कि श्रीलंका जिम्बाब्वे को बुरी तरह हरा दे. फिर यह नेट रन रेट पर निर्भर करेगा.
दोनों टीमों का स्क्वाड
आयरलैंड की टीम: टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोरकन टकर (कप्तान), कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडायर, बैरी मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज, जोशुआ लिटिल, क्रेग यंग, बेंजामिन व्हाइट, बेंजामिन कैलिट्ज, सैम टॉपिंग.
जिम्बाब्वे की टीम: ब्रायन बेनेट, तदीवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), डियोन मायर्स, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजराबानी, रिचर्ड नगारवा, बेन करन, क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा.


